अमेरिकी एक्सपर्ट की कड़ी चेतावनी: अपनी कब्र खुद ही खोद रहा पाकिस्तान, तालिबान से पंगा पड़ेगा भारी
punjabkesari.in Tuesday, Oct 14, 2025 - 02:18 PM (IST)
Washington: अफगान बॉर्डर पर शनिवार रात हुई भारी गोलीबारी के बाद अमेरिका के वरिष्ठ राजनयिक जाल्मय खलीलजाद ने पाकिस्तान की नीतियों पर कड़ा हमला किया है। खलीलजाद ने कहा कि पाकिस्तान जो कर रहा है, उससे वह खुद अपनी ही कब्र खोद रहा है। विशेष रूप से पाक सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को चेताते हुए खलीलजाद ने कहा कि तालिबान के साथ टकराव और पड़ोसी देशों के साथ बिगड़ते रिश्ते Islamabad के लिए भारी पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान नई-नई समस्याओं में फंस रहा है और भविष्य में भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
दक्षिण एशिया विशेषज्ञ जाल्मय खलीलजाद 2018 से 2021 तक अमेरिका के अफगानिस्तान विशेष प्रतिनिधि रहे। तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद वे अमेरिका लौट गए। खलीलजाद ने कहा कि पाकिस्तान की नीतियां देश के लिए विनाशकारी साबित हो रही हैं। कूटनीति अपनाने की बजाय पाकिस्तान का प्रतिष्ठान अपनी ही खाई खोद रहा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि पाकिस्तान अफगान जनता की आज़ादी की परवाह करता है, पर दशकों से उसने उन समूहों का समर्थन किया जो अफगानिस्तान में अशांति फैला रहे थे।
साथ ही उन्होंने पाकिस्तान में राजनीतिक स्थिति पर भी निशाना साधा। खलीलजाद ने कहा कि देश की वास्तविक सत्ता सैन्य प्रतिष्ठान के हाथ में है, आम चुनाव और लोकतंत्र पर सवाल हैं, और लोकप्रिय नेता इमरान खान जेल में हैं। ऐसे में पाकिस्तान को दूसरों को सलाह देने की बजाय अपनी समस्याओं जैसे बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में विद्रोह को हल करना चाहिए।
