चीन के 'सस्ते माल' ने पाकिस्तान को दिया दगा, दुर्घटनाग्रस्त हुआ JF-17 फाइटर जेट; उठे सुरक्षा पर सवाल

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 05:58 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः पाकिस्तान वायुसेना (PAF) से जुड़ी एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। पाकिस्तान के कामरा स्थित पाकिस्तान एरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स (PAC) के पास एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान JF-17 थंडर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस हादसे ने एक बार फिर चीन के सहयोग से बने इन फाइटर जेट्स की सुरक्षा और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तकनीकी खराबी के चलते हुआ हादसा
रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण विमान अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसे के तुरंत बाद के वीडियो में विमान से काले धुएं का गुबार उठता देखा गया। 

पायलटों ने कूदकर बचाई जान, हालत गंभीर
विमान के जमीन से टकराने से ठीक पहले दोनों पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए पैराशूट की मदद से इमरजेंसी इजेक्शन किया और विमान से बाहर कूद गए। हालांकि, लैंडिंग के दौरान दोनों पायलटों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे को देख स्थानीय लोग और आपातकालीन बचाव दल तुरंत पायलटों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे।

टला बड़ा हादसा, नागरिक सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि विमान आबादी वाले इलाके से दूर क्रैश हुआ, जिससे किसी भी आम नागरिक के हताहत होने की खबर नहीं है। पाकिस्तान में JF-17 के क्रैश होने की यह पहली घटना नहीं है, जिससे इसके इंजन और अन्य उपकरणों की गुणवत्ता पर सवाल उठते रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News