जापान में लोगों की विवाह में रुचि घटी ! लगातार 16वें वर्ष जन्म दर में भारी गिरावट, सरकार ने "मूक आपातकाल" की दी चेतावनी
punjabkesari.in Thursday, Jun 05, 2025 - 06:57 PM (IST)

International Desk: जापान में जन्म दर में लगातार गिरावट एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी किए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में जापान में केवल 6,86,061 बच्चों का जन्म हुआ, जो 2023 की तुलना में 5.7 प्रतिशत कम है। यह आंकड़ा 1899 से रिकॉर्ड रखे जाने के बाद पहली बार 7 लाख से नीचे गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह लगातार 16वां वर्ष है जब जन्म दर में गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक 27 लाख बच्चों का जन्म 1949 में हुआ था, और अब की संख्या उस रिकॉर्ड का सिर्फ एक चौथाई है। जापान की कुल प्रजनन दर (एक महिला द्वारा अपने जीवनकाल में जन्मे बच्चों की औसत संख्या) 2024 में घटकर 1.15 पर आ गई, जो अब तक का न्यूनतम स्तर है।
2023 में यह दर 1.2 थी। जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने इसे "एक मूक आपातकाल" बताया है और वादा किया है कि कार्यस्थल पर अधिक लचीलापन , विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में, महिलाओं को समर्थन, और पारिवारिक मूल्यों बदलाव लाने जैसे उपायों पर ज़ोर दिया जाएगा ताकि लोग विवाह और बच्चों के पालन-पोषण के लिए प्रेरित हों। हालांकि 2024 में विवाह की संख्या 485,063 जोड़ों तक पहुंच गई, पर यह 1970 के दशक की तुलना में अब भी बहुत कम है। जनसंख्या विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही रुझान जारी रहा, तो जापान की कुल जनसंख्या जो इस समय लगभग 12.4 करोड़ है, वह 2070 तक घटकर 8.7 करोड़ हो जाएगी और तब 40 प्रतिशत आबादी 65 वर्ष से अधिक उम्र की होगी।