इजराइल का टारगेट किलिंग आपरेशनः 48 घंटे में ईरान के तीसरे बड़े नेता की हत्या, इंटेलिजेंस मंत्री भी मार डाला
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 05:03 PM (IST)
International Desk: मिडिल ईस्ट में जारी जंग अब बेहद खतरनाक मोड़ ले चुकी है। इजराइल और ईरान के बीच टकराव अब सीधे टॉप लीडरशिप को निशाना बना रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और अनिश्चितता तेजी से बढ़ रही है। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने दावा किया है कि इजराइल ने ईरान के इंटेलिजेंस मंत्री इस्माइल खातिब को मार गिराया है। हालांकि, इस दावे की अभी तक तेहरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Breaking 🚨
— FalconUpdatesHQ (@FalconUpdatesHQ) March 18, 2026
🇮🇱 🇮🇷 Israeli assessment: Iran’s Intelligence Minister Esmail al-Khatib has likely been eliminated.
Official confirmation is still pending ❗️ pic.twitter.com/xXHTCpJBK3
अगर यह दावा सही साबित होता है, तो यह महज दो दिनों में ईरान के तीसरे बड़े नेता की हत्या होगी, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इससे पहले, इजराइल ने अली लारिजानी और गोलामरेज़ा सुलेमानी को एयरस्ट्राइक में मार गिराने का दावा किया था। इन दोनों की मौत की पुष्टि ईरान कर चुका है और उनके अंतिम संस्कार की तैयारी भी की जा रही है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि इन हत्याओं से ईरान की व्यवस्था पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि देश किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, खातिब को ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का करीबी माना जाता था, जिससे उनकी हत्या (यदि पुष्टि होती है) और भी बड़ी मानी जा रही है। इजराइल ने साफ संकेत दिए हैं कि वह ईरान के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी निशाना बना सकता है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री ने सेना को “फ्री हैंड” देने की बात कही है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब इजराइल पहले ही हमास, हिज़्बुल्लाह और अन्य संगठनों के नेताओं को निशाना बना चुका है।विश्लेषकों का मानना है कि यह “लीडरशिप टारगेटिंग” की रणनीति है, जिससे दुश्मन की कमान को कमजोर किया जा सके। लेकिन इससे जंग और ज्यादा भड़कने का खतरा भी बढ़ गया है। पिछले 48 घंटों में लगातार बड़े नेताओं की हत्या से यह साफ है कि मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। अगर यह सिलसिला जारी रहा, तो यह संघर्ष और व्यापक युद्ध में बदल सकता है।
