इसराईल ने चुराए ईरान के बादल और बर्फ

punjabkesari.in Tuesday, Jul 03, 2018 - 02:45 PM (IST)

तेहरानः ईरान ने इसराईल पर अपने देश के बादल और बर्फ चुराने का आरोप लगाया है। ईरान  के एक सैन्य जनरल का कहना है कि इसराईल, ईरान के मौसम से छेड़छाड़ कर रहा है, जिसके चलते देश में बारिश नहीं हो रही। ईरान के ब्रिगेडियर जनरल और देश के सिविल डिफेंस ऑर्गनाइजेशन के प्रमुख गुलाम रजा जलाली ने कहा कि ईरान में हो रहा जलवायु परिवर्तन शक के घेरे में है। इसमें विदेशी हस्तक्षेप अहम रोल निभा रहा है। इसराईल  और एक अन्य देश इस बात की कोशिश कर रहे हैं कि ईरान पर बादल तो छाएं लेकिन बारिश न करें। हालांकि ईरान के मौसम विभाग के प्रमुख जलाली से सहमत नहीं हैं।

जलाली ने कहा कि अफगानिस्तान और भूमध्य सागर के बीच का 2200 मीटर का पहाड़ी हिस्सा बर्फ से ढका होता है लेकिन ऐसा ईरान में नहीं है। हालांकि ये पहला मामला नहीं है कि जब ईरान में किसी अफसर ने अन्य देश पर बारिश चोरी का आरोप लगाया हो। 2011 में पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा था कि पश्चिमी देशों के चलते ईरान में सूखा पड़ा हुआ है। यूरोपीय देश एक खास तरह के उपकरण का इस्तेमाल करके बादलों को कैद कर लेते हैं।

ईरान के मौसम विभाग के प्रमुख अहद वजीफे ने कहा कि जनरल जलाली ने क्या कहा, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। मौसम को लेकर जानकारी के मुताबिक कोई भी देश बादल या बर्फ की चोरी नहीं कर सकता। ईरान लंबे वक्त से सूखे से जूझ रहा है। ये एक वैश्विक समस्या है। इसे केवल ईरान पर ही लागू नहीं किया जा सकता। इस तरह के सवाल उठाना हमारी समस्या को हल नहीं कर सकता। हम समाधान निकालने में जुटे हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News