Year Ender 2022: अमरीका के साथ 2022 में मजबूत रहे भारत के संबंध, अब 2023 में हर स्तर पर एक साथ करेंगे काम
punjabkesari.in Friday, Dec 30, 2022 - 12:31 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: 2022 भारत-अमरीका संबंधों के लिहाज से काफी अच्छा और उल्लेखनीय वर्ष रहा है। दोनों देशों के शीर्ष राजनयिक विशेषज्ञों की मानें तो आने वाला वर्ष 2023 भारत और अमरीका के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि दोनों देश फिर से हर स्तर पर एक साथ काम करने को तैयार हैं। बीत रहे वर्ष पर नजर डालें तो इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की 2 बार मुलाकात हुई और दोनों में अच्छा सामंजस्य नजर आया। दोनों राष्ट्राध्यक्षों की पहली मुलाकात टोक्यो में क्वाड शिखर सम्मेलन में हुई तो दूसरी मुलाकात इंडोनेशिया की राजधानी बाली में जी-20 शिखर सम्मेलन में।
इसी वर्ष देश के विदेश मंत्री डा. एस. जयशंकर ने सितम्बर में अमरीकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन से मुलाकात की थी और भारत-अमरीका संबंधों के सभी पहलुओं और आगे की राह पर काफी रचनात्मक चर्चा की थी। अमरीका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि 2022 में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति बाइडेन द्वारा निर्धारित दिशा और दृष्टि में भारत-अमरीका द्विपक्षीय सांझेदारी और मजबूत हुई है। इस वर्ष भारत और अमरीका के राजनयिक कई मुद्दों और मंचों पर भी एक-दूसरे से मिले और सकारात्मक चर्चा करते नजर आए, फिर चाहे वह टोक्यो में द्विपक्षीय क्वाड के मुद्दे पर बातचीत हो या वाशिंगटन में दोनों देशों के बीच 2+2 मंत्रिस्तरीय बैठक हो।
आर्थिक मोर्चे पर दोनों देशों ने पुराने बाजार मुद्दों का बैठ कर समाधान निकाला। इस वर्ष ही भारत में पहली बार अमरीकी नौसेना के जहाज को भारत ने रिपेयर किया और भी बहुत सारे मुद्दों पर दोनों देशों के बीच गहरा सामंजस्य देखा गया। विदेशी राजनयिक तरणजीत संधू ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हमारे रणनीतिक संबंध काफी गहरे हुए। दोनों देशों ने इंडो-पैसेफिक इकोनॉमिक फ्रेमवर्क (आई.पी.ई.एफ.) जैसी नई पहल शुरू की तो वहीं आई-2यू-2 को मजबूत किया गया।
दक्षिण और मध्य एशिया के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने द्विपक्षीय संबंधों पर राजदूत संधू के विचार से सहमति जताते हुए कहा कि उनका मानना है कि भारत-अमरीका संबंध दुनिया में सबसे बेहतर संबंधों में से एक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत और यू.एस. के रिश्ते तय करेंगे कि एशिया स्वतंत्र और लोकतांत्रिक रहेगा या नहीं। लू ने कहा कि यह हमारे संबंधों के लिए उल्लेखनीय और ऐतिहासिक वर्ष रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की तीव्रता को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों ने सफलतापूर्वक काम किया है।
वर्ष 2022 के बेहतरीन तालमेल के बाद 2023 में भारत-अमरीका संबंध किस स्तर पर होंगे, इसके बारे में चर्चा करते हुए लू ने कहा कि भारत को पहली बार जी-20 की अध्यक्षता मिली है और यू.एस.ए. इस महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व के समर्थन में भारत सरकार से सभी स्तरों पर मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह तैयार है। दक्षिण और मध्य एशिया के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने कहा कि नए वर्ष में हम रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में परस्पर सहयोग से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमने भारत में अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकियों के अधिक से अधिक कोप्रोडक्शन पर जोर देने का निर्णय लिया है।