US Shooting: 'व्हाइट हाउस' जांच चौकी के पास गोलीबारी करने वाले हमलावर की मौत, सामने आई तस्वीर
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 08:40 AM (IST)
US White House Shooting : अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास और कार्यालय 'व्हाइट हाउस' के पास शनिवार शाम एक भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई। व्हाइट हाउस की एक सुरक्षा जांच चौकी (Security Checkpoint) के पास तैनात अधिकारियों पर फायरिंग करने वाले एक संदिग्ध बंदूकधारी को सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में मार गिराया है। वहीं की भी पहचान हो गई है जिसकी पहली तस्वीर सामने आई है।
बता दें कि आरोपी की पहचान 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट के तौर पर हुई जो मैरिलैंड का रहने वाला बताया जा रहा है। 'यूएस सीक्रेट सर्विस' ने शनिवार देर रात एक बयान में कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार हमलावर पूर्वी समयानुसार (ईटी) शाम छह बजे के कुछ देर बाद एक जांच चौकी के पास पहुंचा,उसने अपने बैग से हथियार निकाला और वहां तैनात अधिकारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। 'सीक्रेट सर्विस' के अनुसार अधिकारियों ने जवाबी गोलीबारी की जिसमें आरोपी घायल हो गया।
उसने बताया कि आरोपी को क्षेत्र के एक अस्पताल ले जाया गया जहां बाद में उसकी मौत हो गई। इस दौरान एक राहगीर को भी गोली लगी है लेकिन कानून प्रवर्तन के एक अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि वह संदिग्ध द्वारा शुरू में चलाई गई गोलियों से घायल हुआ या अधिकारियों द्वारा की गई गोलीबारी के दौरान उसे गोली लगी।
#WATCH व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 23, 2026
(सोर्स: रॉयटर्स) pic.twitter.com/OjjY9375BQ
'सीक्रेट सर्विस' ने कहा कि उसका कोई भी अधिकारी इस दौरान घायल नहीं हुआ और घटना के समय 'व्हाइट हाउस' में मौजूद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सुरक्षित हैं। 'व्हाइट हाउस' में शनिवार को मौजूद पत्रकारों ने कई गोलियां चलने की आवाज सुनाई देने की सूचना दी और उन्हें संवाददाता सम्मेलन कक्ष के भीतर जाने को कहा गया।
'सीक्रेट सर्विस' ने इससे पहले सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा था कि उसे 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू एनडब्ल्यू के पास गोली चलने की खबरों की जानकारी है। यह स्थान 'व्हाइट हाउस' से एक ब्लॉक दूर है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने 'एक्स' पर एक 'पोस्ट' साझा कर बताया कि 'सीक्रेट सर्विस' के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और उसने लोगों को उस क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी। यह स्थान उस जगह के पास है जहां पिछले साल नवंबर में एक बंदूकधारी ने वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो सदस्यों पर घात लगाकर हमला किया था।
