ब्लैक सी हमले में भारतीय नाविक की मौत पर भारत सख्त, रूस के बाद अब यूक्रेन का राजदूत किया तलब
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 07:00 PM (IST)
International Desk: काला सागर (ब्लैक सी) में मालवाहक जहाज एमवी ओमोर्फी (MV OMORFI) पर हुए हमले में भारतीय नाविक सागर गुप्ता की मौत के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने यूक्रेन के राजदूत डॉ. ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को तलब कर इस घटना पर जवाब मांगा है। यह हमला 18 जुलाई को हुआ था। उस समय जहाज पर कुल 10 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें तीन भारतीय नागरिक शामिल थे। भारतीय नाविक संगठनों का दावा है कि जहाज पर हमला यूक्रेनी ड्रोन से किया गया। इस हमले में सागर गुप्ता की मौत हो गई, जबकि अन्य दो भारतीय सुरक्षित हैं।
विदेश मंत्रालय ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि व्यापारिक जहाजों और निर्दोष नागरिक क्रू सदस्यों पर हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है। भारत ने सभी पक्षों से समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वैश्विक व्यापार को बाधित न होने देने की अपील की है। MEA ने भारतीय नाविकों और शिपिंग कंपनियों को भी सलाह दी है कि ब्लैक सी जैसे संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में काम स्वीकार करने से पहले सुरक्षा जोखिम, जहाज के मार्ग, बीमा और आपातकालीन व्यवस्था की पूरी जानकारी लें।
रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण ब्लैक सी क्षेत्र लंबे समय से अत्यधिक संवेदनशील बना हुआ है। लगातार हो रहे हमलों से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों और विदेशी क्रू की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। भारत ने स्पष्ट किया है कि विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में वह सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में रहकर निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा।
