ईरान से तेल आयात पर भारत-अमरीका के बीच महत्वपूर्ण वार्ता

Wednesday, Jul 18, 2018 - 10:05 AM (IST)

इंटरनैशनल डेस्क: वाशिंगटन की ओर से तेल आयात को लेकर कुछ देशों को छूट के संकेत के बीच आज अमेरिका के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने विदेश सचिव विजय गोखले के साथ ईरान से तेल आयात पर अमरीकी प्रतिबंधों को लेकर आज वार्ता की। आतंकवादी वित्तपोषण के सहायक सचिव मार्शल बिलिंगसिली के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्रालय के उच्च अधिकारियों से भी अलग से बात की।  आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ गोखले की वार्ता में ईरान से तेल आयात पर अमेरिकी प्रतिबंधों के मुद्दे पर चर्चा हुई। गोखले ने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष इस मुद्दे पर भारत के रुख को स्पष्ट किया।  भारत ने स्पष्ट किया है कि वह राष्ट्रीय हित के अनुसार कदम उठाएगा।

भारत में बातचीत ऐसे समय हुई जब वाशिंगटन में अमरीकी वित्त सचिव स्टीवन मनुचिन ने कहा कि अमरीका कुछ ऐसे देशों को प्रतिबंधों में छूट दे सकता है जिन्हें ईरान से तेल आयात में कटौती के लिए कुछ वक्त चाहिए। भारत को भी उम्मीद है कि इससे उसे प्रतिबंधों में कुछ राहत मिल सकेगी। ट्रंप प्रशासन की ईरान से बड़े तेल आयातक देशों से संपर्क की योजना के परिणाम स्वरूप अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत पहुंचा है। हालांकि, अमरीकी प्रतिबंधों के बावजूद भारत को ईरान से तेल कटौती को लेकर अभी निर्णय लेना है।       

Isha

Advertising