हांगकांग के नेता ने भीषण आग की घटना पर माफी मांगी, आवास मंत्री ने दिया इस्तीफा
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 04:57 PM (IST)
हांगकांग : हांगकांग के नेता जॉन ली ने शहर में दशकों की सबसे भीषण आग को लेकर बृहस्पतिवार को माफी मांगी और कहा कि इस मामले की जांच में नियामकीय निगरानी में कमी पाए जाने के बाद आवास मंत्री ने इस्तीफा दे दिया है। पिछले साल नवंबर में लगी भीषण आग ने उत्तरी उपनगरीय जिले में एक अपार्टमेंट परिसर की सात इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया था।
इस घटना में 168 लोगों की मौत हो गई थी और हजारों अन्य लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा था। वांग फुक कोर्ट के कई पूर्व निवासी करीब एक साल से इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि सरकार इस त्रासदी के लिए जवाबदेही कैसे तय करेगी। इस घटना में उन्होंने अपने प्रियजनों और घरों को खो दिया था। हादसे के समय इमारतों में रखरखाव का काम चल रहा था। संवाददाता सम्मेलन की शुरुआत में ली और सात अन्य शीर्ष अधिकारियों ने माफी मांगी।
ली ने कहा कि आवास मंत्री विनी हो को ''राजनीतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए'', हालांकि जांच में उनके किसी व्यक्तिगत कदाचार का पता नहीं चला। ली ने बताया कि विनी ने बुधवार को पद से इस्तीफा दे दिया। जांच के दौरान एक स्वतंत्र समिति ने पाया कि आवास ब्यूरो की स्वतंत्र जांच इकाई रखरखाव कार्य की निगरानी करने की अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही।
