हांगकांग का बड़ा एक्शन:16 विदेशी कार्यकर्ताओं के पासपोर्ट रद्द, फंडिंग पर भी लगाई रोक

punjabkesari.in Monday, Aug 04, 2025 - 05:25 PM (IST)

International Desk: हांगकांग के अधिकारियों ने सोमवार को विदेशों में स्थित उन 16 कार्यकर्ताओं पर शिकंजा और कस दिया है जिन पर पहले राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने के संदेह में इनाम घोषित किया गया था। नए उपायों में उन्हें दी जाने वाली वित्तीय सहायता पर प्रतिबंध लगाना तथा उनमें से अधिकांश के पासपोर्ट रद्द करना शामिल है। जुलाई में जिन 19 लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे, उनमें ये कार्यकर्ता भी शामिल हैं। इन पर ‘हांगकांग पार्लियामेंट' नामक समूह में भूमिका निभाने का आरोप है, जिसे पुलिस ने विदेश में सक्रिय एक विध्वंसक संगठन करार दिया है।

 

यह संस्था हांगकांग की आधिकारिक विधायिका नहीं है और इसका सीमित प्रभाव है। मूल 19 कार्यकर्ताओं में से तीन को पिछले वर्ष ही ऐसे ही उपायों का सामना करना पड़ा था। हांगकांग सरकार ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा सचिव क्रिस टैंग ने विक्टर हो, क्यूंग का-वाई, ऑस्ट्रेलियाई शिक्षाविद चोंगयी फेंग और अमेरिकी नागरिक गोंग साशा सहित 16 कार्यकर्ताओं को धन या आर्थिक संसाधन उपलब्ध कराने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

 

इन 16 लोगों में से हांगकांग के पासपोर्ट धारक 12 लोगों के यात्रा दस्तावेज रद्द कर दिए गए। सरकार ने सूची में शामिल लोगों को संपत्ति पट्टे पर देने या उनके साथ संयुक्त उद्यम चलाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। आदेशों का उल्लंघन करने वाले को सात वर्ष तक की जेल की सजा हो सकती है। सरकार ने कहा कि ये 16 कार्यकर्ता ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, थाईलैंड और ताइवान सहित अन्य क्षेत्रों में छिपे हुए हैं। सरकार ने उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने वाली गतिविधियों में संलग्न रहने का आरोप लगाया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News