अमेरिका में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने अपने ही 7 बच्चों समेत 8 मासूमों को सुलाया मौत की नींद, फिर पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 05:59 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के लुइसियाना राज्य से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक सिरफिरे पिता ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही परिवार को खत्म कर दिया। श्रेवपोर्ट शहर में हुई इस भीषण गोलीबारी में 8 बच्चों की मौत हो गई है, जिनकी उम्र मात्र 1 से 14 साल के बीच थी।
सोते समय बच्चों पर बरसाईं गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर की पहचान 31 वर्षीय शमार एल्किन्स के रूप में हुई है, जो आर्मी से रिटायर्ड था। पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे एल्किन्स का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने खूनी खेल शुरू कर दिया। उसने दो अलग-अलग घरों में जाकर अंधाधुंध फायरिंग की। चौंकाने वाली बात यह है कि जब उसने बच्चों पर गोलियां चलाईं, तब वे सो रहे थे। मरने वालों में 5 लड़कियां और 3 लड़के शामिल हैं, जिनमें से 7 बच्चे एल्किन्स के अपने थे और एक उसका भतीजा था।
अपनी जान बचाने के लिए छत से कूदा मासूम
वारदात इतनी खौफनाक थी कि एक बच्चा अपनी जान बचाने के लिए घर की छत पर चढ़ गया, लेकिन वह बच नहीं सका और उसका शव वहीं मिला। वहीं, एक अन्य बच्चा जान बचाने के लिए छत से नीचे कूद गया, जो गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हमले में एल्किन्स की पत्नी और एक अन्य महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
तलाक को लेकर चल रहा था विवाद
शुरुआती जांच में सामने आया है कि एल्किन्स और उसकी पत्नी के बीच तलाक (अलग होने) को लेकर विवाद चल रहा था और जल्द ही कोर्ट में उनकी सुनवाई होने वाली थी। हालांकि एल्किन्स का घरेलू हिंसा का कोई पुराना रिकॉर्ड नहीं था, लेकिन वह 2019 में हथियार से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार हो चुका था।
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया आरोपी
कत्लेआम के बाद आरोपी एल्किन्स ने एक कार छीनी और मौके से फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर उसे बोजियर पैरिश इलाके में घेर लिया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में पुलिस ने हमलावर एल्किन्स को मार गिराया। स्थानीय प्रशासन ने इसे हाल के वर्षों की सबसे दर्दनाक और बड़ी शूटिंग घटनाओं में से एक बताया है।
