ब्रिटेन में बवाल: फिलिस्तीन समर्थकों के साथ प्रदर्शन कर रहीं ग्रेटा थनबर्ग गिरफ्तार (Video)
punjabkesari.in Tuesday, Dec 23, 2025 - 07:31 PM (IST)
London: प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को मंगलवार को लंदन के मध्य क्षेत्र में उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह फिलिस्तीन समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन कर रही थीं। ये कार्यकर्ता जेल में बंद अपने साथियों के समर्थन में भूख हड़ताल कर रहे हैं। ‘प्रिजनर्स फॉर पैलेस्टाइन’ नामक संगठन ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें 22 वर्षीय स्वीडिश कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को प्रदर्शनकारियों के समर्थन में तख्ती पकड़े देखा जा सकता है। यह संगठन ‘पैलेस्टाइन एक्शन’ से जुड़ा है, जिसे ब्रिटिश सरकार इस साल आतंकवादी संगठन घोषित कर चुकी है।
📍London
— Tannie تاني 🇵🇸 (@putin_76) December 23, 2025
Greta Thunberg arrested at the Prisoners for Palestine Action
She was arrested under the terrorism Act for holding a sign ' I support Palestine Action Prisoners, I oppose genocide'
🇬🇧 🇵🇸 pic.twitter.com/GikLhMP8SX
यह प्रदर्शन एक बड़े विरोध का हिस्सा था, जिसमें दो अन्य कार्यकर्ताओं ने लंदन के वित्तीय केंद्र सिटी ऑफ लंदन में स्थित एक बीमा कंपनी के सामने लाल पेंट छिड़क दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह कंपनी इज़राइल से जुड़ी रक्षा कंपनी एल्बिट सिस्टम्स का समर्थन करती है। सिटी ऑफ लंदन पुलिस ने बताया कि एक पुरुष और एक महिला को आपराधिक क्षति के संदेह में गिरफ्तार किया गया, जबकि बाद में एक तीसरी महिला को प्रतिबंधित संगठन के समर्थन के आरोप में हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोप तय होने से पहले संदिग्धों के नाम सार्वजनिक नहीं किए जाते। संगठन के अनुसार, पैलेस्टाइन एक्शन के आठ सदस्य जमानत के बिना हिरासत में रखे जाने के विरोध में भूख हड़ताल पर हैं। इनमें से दो कार्यकर्ता 52 दिनों से भूखे हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। ब्रिटिश सरकार ने न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए कहा है कि जमानत और हिरासत से जुड़े फैसले अदालतों का विषय हैं।
