विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने न्यूजीलैंड दौरे पर आपसी संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर दिया
punjabkesari.in Saturday, Sep 30, 2023 - 07:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने 24 से 29 सितंबर तक न्यूजीलैंड का दौरा किया और इस दौरान उन्होंने प्रथम ‘भारत व्यापार शिखर सम्मेलन' में भाग लिया तथा द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए मेजबान देश के नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श किया। विदेश मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी एक बयान में कहा गया कि यह विदेश राज्य मंत्री की न्यूजीलैंड की पहली आधिकारिक यात्रा थी।
यात्रा के दौरान सिंह और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस हिपकिंस ने वेलिंगटन में भारतीय उच्चायोग और ‘ऑकलैंड चैंबर ऑफ कॉमर्स' द्वारा सह-आयोजित प्रथम ‘भारत व्यापार शिखर सम्मेलन 2023' में भाग लिया। मंत्री ने भारत के आर्थिक विकास और भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को बढ़ावा देने पर अपने विचार साझा किए। सिंह ने जातीय समुदाय और स्वैच्छिक क्षेत्र मंत्री प्रियंका राधाकृष्णन तथा शिक्षा मंत्री जान टिनेटी के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं। शिक्षा क्षेत्र के साथ-साथ भारतीय छात्रों के कल्याण में सहयोग को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।