बौद्ध उत्सव की खुशियां मातम में बदलींः नशे में धुत्त चालक ने भीड़ पर चढ़ाया वाहन, 6 की मौत व 13 घायल
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 03:11 PM (IST)
International Desk: श्रीलंका की राजधानी के बाहरी इलाके में कथित तौर पर नशे में धुत एक पिकअप वाहन चालक ने बौद्ध पर्व वेसाक मना रहे लोगों को टक्कर मार दी जिससे कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह हादसा रविवार रात कोलंबो के उपनगर मीगोडा में उस समय हुआ, जब वाहन वार्षिक वेसाक समारोह के तहत सड़क के किनारे लगीं खाने की दुकानों पर इंतजार कर रहे लोगों के बीच जा घुसा। पुलिस ने बताया कि हादसे में 35 से 38 वर्ष की आयु के तीन पुरुषों और 15 से 56 वर्ष की आयु की तीन महिलाओं की मौत हो गई।
வெசாக் தினத்தில் பயங்கரம்!
— Worldwide Tamils (@senior_tamilan) June 1, 2026
மீகொடை பகுதியில் #தன்சல் வரிசை மீது வாகனம் மோதியதில் 15வயது சிறுமி உட்பட 6பேர் பலி!
விபத்தில் காயமடைந்த 13பேர் சிகிச்சைக்காக வைத்தியசாலையில் அனுமதி.
விபத்தை ஏற்படுத்திய 42 வயதான சாரதி மதுபோதையில் கைது.#Vesak #Dansal #LKA #WWTnews #WorldwideTamils pic.twitter.com/u3lrkKH0Q9
पुलिस के अनुसार, एक शिशु समेत 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि 42 वर्षीय चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया था लेकिन उसे बाद में घटनास्थल से कई मील दूर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसने शराब पी रखी थी और वाहन चलाते समय वह नशे में था। वेसाक बौद्ध अनुयायियों का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है। यह भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की स्मृति में मनाया जाता है। यह हर साल मई में पहली पूर्णिमा को मनाया जाता है।
