चक्रवात ‘बुलबुल'' से बांग्लादेश में तबाही: दस की मौत, 21 लाख से अधिक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए

punjabkesari.in Sunday, Nov 10, 2019 - 11:40 PM (IST)

ढाका: बांग्लादेश में रविवार को चक्रवात ‘बुलबुल' के कारण कम से कम दस लोगों की मौत हो गई और इस चक्रवात से होने वाली तबाही की आशंका के मद्देनजर निचले इलाकों में रह रहे 21 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। चक्रवात के कारण हवाएं 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने लगीं जिसके कारण अधिकारियों को 21 लाख से अधिक लोगों को निचले इलाकों से बाहर निकालना पड़ा। निजी समाचार चैनलों ने अनाधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि चक्रवात बुलबुल के कारण दस लोगों की जान चली गई। 

PunjabKesari
बहरहाल, आपदा प्रबंधन मंत्रालय ने केवल आठ लोगों की मौत की पुष्टि की। आपदा प्रबंधन मंत्रालय के सचिव शाह कमाल ने बताया,‘हमारे तटों पर चक्रवात के पहुंचने के कारण आठ लोगों की मौत हो गई जिनमें से अधिकतर लोगों की मौत छह तटीय जिलों में घर ढहने और पेड़ गिरने के कारण हुई।' अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के कारण सैकड़ों घरों को भी नुकसान पहुंचा है। बांग्लादेश के अधिकारी बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में मछलियां पकड़ने की नौकाओं और ट्रॉलरों पर रोक के साथ ही नदियों में नौकाओं के आवागमन पर पहले ही अस्थाई रोक लगा चुके हैं। बीडीन्यूज24डॉटकॉम ने खबर दी कि स्वास्थ्य निदेशालय के स्वास्थ्य आपातकाल संचालन केंद्र और नियंत्रण कक्ष ने रविवार को आठ लोगों के मौत की पुष्टि की। 

PunjabKesari
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के दौरान पेड़ों के उखड़ने के कारण खुलना के दिघालिया और डाकोप उपजिले में दो लोगों की मौत हो गई जबकि पतुआखाली में एक घर पर पेड़ गिरने के कारण एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। चक्रवात के कारण सैकड़ों मकान और कई हेक्टेयर फसल तबाह हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के कारण जितनी तबाही होने की आशंका थी, उससे कम नुकसान हुआ है। बांग्लादेश के मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को एक विशेष बुलेटिन में बताया कि चक्रवात कमजोर हो गया है और इसने भारत के पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिम खुलना तट से ‘गुजरना शुरू कर' दिया है। 

PunjabKesari
आपदा मंत्रालय के सचिव कमाल ने बताया कि शुरुआत में 5000 आश्रय गृहों में 14 लाख लोगों को रखने की योजना थी लेकिन शनिवार आधी रात को यह संख्या बढ़कर 21 लाख हो गई। चक्रवात के कारण 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। यह चक्रवात ऐसे समय में आया है जब पूर्णिमा आने वाली है। पूर्णिमा में समुद्र का जलस्तर बढ़ जाता है। ऐसे में चक्रवात आने के कारण तबाही की आशंका पैदा हो गई। चक्रवात गंगासागर के किनारे टकराया और यह ‘खुलना' क्षेत्र की ओर बढ़ा जिसमें सुंदरवन भी आता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News