जब टोक्यो में मिल रहे थे क्वाड नेता, तब जापान सागर पर मंडरा रहे थे चीन और रूस के लड़ाकू विमान

punjabkesari.in Tuesday, May 24, 2022 - 10:51 PM (IST)

बीजिंगः चीन और रूस के लड़ाकू विमानों ने मंगलवार को जापान सागर, पूर्वी चीन सागर और पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर संयुक्त हवाई गश्त की। दोनों देशों ने यह कदम बीजिंग और मास्को के बीच एकजुटता का संभवत: संदेश देने के लिए उस दिन उठाया, जब तोक्यो में क्वाड देशों के नेताओं की बैठक हुई। 

चीन के रक्षा मंत्रालय ने एक संक्षिप्त घोषणा में कहा, ‘‘चीन और रूस की वायु सेनाओं ने दोनों सेनाओं के बीच सालाना सैन्य सहयोग के तहत मंगलवार को जापान सागर, पूर्वी चीन सागर और पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर संयुक्त सामरिक हवाई गश्त की।'' 

क्वाड शिखर बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और आस्ट्रेलिया के नए प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शरीक हुए। तोक्यो से आई मीडिया की खबरों में जापानी रक्षा मंत्री नोबुओ किशी के हवाले से कहा गया है कि जापान ने मंगलवार को क्वाड नेताओं की बैठक के दौरान रूस और चीन की सैन्य उड़ानों को लेकर गंभीर चिंता प्रकट की है। किशी ने कहा, ‘‘दो चीन बम वर्षक विमानों ने दो रूसी बम वर्षक विमानों के साथ पूर्वी चीन सागर के ऊपर संयुक्त उड़ान भरी।'' 

उन्होंने कहा कि जापान ने इस मुद्दे को राजनयिक माध्यमों से दोनों देशों के समक्ष उठाया है। चीन और रूस ने अतीत में प्रशांत महासागर में सालाना युद्ध अभ्यास किए हैं। हालांकि, क्वाड सम्मेलन के दिन इस तरह के अभ्यास करने को बीजिंग और मास्को द्वारा अपनी एकजुटता का संदेश भेजने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय आलोचना और चीन का दृढ़ता से उसका समर्थन करने की पृष्ठभूमि में यह कदम उठाया गया। वहीं, बीजिंग में चीन के विदेश मंत्रालय ने जोर देते हुए कहा कि चीन-रूस संबंध बदलते अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य की नयी कसौटी पर खरे उतरे हैं और सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News