सवाल पूछना पड़ा भारी, ऊंची आवाज में प्रश्न करने पर चीन ने अमेरिकी पत्रकार पर लगाया बैन

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 01:01 PM (IST)

अमेरिका : चीन में अमेरिकी समाचार चैनल ब्लूमबर्ग टीवी की पत्रकार एनमैरी हॉरडर्न को एक अहम कार्यक्रम में शामिल होने से रोक दिया गया। माना जा रहा है कि चीनी अधिकारियों ने यह कदम इसलिए उठाया, क्योंकि उन्होंने एक अन्य कार्यक्रम के दौरान ऊंची आवाज में सवाल पूछा था और सरकार के नजरिये में यह अभद्र व्यवहार था। हॉरडर्न को बृहस्पतिवार को चीन के शेनझेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की त्रिपक्षीय बैठक से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई। इससे पहले उन्होंने ट्रंप और शी की मुलाकात के दौरान सवाल पूछा था कि क्या एनवीडिया के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसेन हुआंग ने अमेरिका के साथ विश्वासघात किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि उसने पत्रकार को बैठक में प्रवेश दिलाने की कोशिश की थी, लेकिन चीन ने उनकी मौजूदगी पर आपत्ति जताई।

मुद्दे की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी। व्हाइट हाउस ने इस मामले में पत्रकार के पक्ष में उठाए गए कदमों पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया। 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन' की अध्यक्ष जैकी हेनरिक ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि पत्रकारों की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्हाइट हाउस का प्रयास सराहनीय है। घटना के बाद जारी रिपोर्ट में कहा गया कि चीनी अधिकारियों ने संदेश दिया था कि ऊंची आवाज में सवाल पूछना बेहद अभद्र माना जाता है और ऐसा करने पर पत्रकारों को कमरे से बाहर कर दिया जाएगा। चीन के विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर टिप्पणी के लिए 'एसोसिएटेड प्रेस' (एपी) की ओर से भेजे गए अनुरोध का जवाब नहीं दिया। इस संबंध में ब्लूमबर्ग को भेजे गए ईमेल का भी तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।

यह घटना चीन में मीडिया और पत्रकारों पर सख्त नियंत्रण की नीति को दर्शाती है। इससे 2022 की एक घटना भी याद आती है, जब इंडोनेशिया के बाली में ट्रंप के पूर्ववर्ती जो बाइडन और शी चिनफिंग की बैठक से पहले एक अमेरिकी पत्रकार ने मानवाधिकारों पर सवाल पूछने की कोशिश की थी। तब एक अधिकारी ने उनका बैग खींचा था, जिससे वह लड़खड़ा गई थीं। बाद में व्हाइट हाउस के कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर पत्रकार को अकेला छोड़ने को कहा था। चीन में विदेशी पत्रकारों के प्रति रवैया लंबे समय से सख्त रहा है। कई अंतरराष्ट्रीय पत्रकारों को उनकी रिपोर्टिंग या कार्यक्रमों में कथित अनुचित व्यवहार के कारण देश से निकाला जा चुका है। वहीं, सरकारी नीतियों से अलग रुख अपनाने वाले चीनी पत्रकारों को सेंसरशिप, नौकरी से बर्खास्तगी और जेल तक का सामना करना पड़ सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News