इतिहास में पहली बार दुनिया की तीन महाशक्तियां एक मंच पर; ट्रंप-जिनपिंग और पुतिन में हुई पहली त्रिपक्षीय बैठक, इन मुद्दों पर हुआ गंभीर मंथन

punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 04:43 PM (IST)

Bejing: दुनिया की राजनीति में एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया है, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिक गई हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार एक साथ त्रिपक्षीय वार्ता की मेज पर बैठे। एक घंटे से अधिक चली इस ऐतिहासिक बैठक में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण, यूक्रेन और ईरान युद्ध तथा वैश्विक शांति जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। ट्रंप ने इसे इतिहास बनाने वाला क्षण बताया, जबकि जिनपिंग ने परमाणु हथियारों को प्रतिबंधित कर नष्ट करने की वकालत की। सवाल यह है कि क्या दुनिया की तीन सबसे बड़ी ताकतें मिलकर युद्ध और परमाणु खतरे को रोक पाएंगी या यह मुलाकात महज एक कूटनीतिक तस्वीर बनकर रह जाएगी?
 

 

HISTORY IS BEING MADE IN CHINA. Donald Trump, Xi Jinping and Vladimir Putin have officially begun their first-ever formal trilateral meeting in Shenzhen. Three leaders. Three nuclear superpowers. One table. The discussions come at a time of enormous geopolitical uncertainty, with the wars in Ukraine and Iran, nuclear security, global trade and the future balance of power all in play. Trump has already said he believes "a lot of wonderful things" can come from these discussions. Whether they deliver anything meaningful remains to be seen. But the outcome of this meeting could have consequences far beyond politics.

— That Martini Guy ₿ (@MartiniGuyYT) November 19, 2026

तीन महाशक्तियों की पहली साझा बैठक
चीन के शेनझेन में बृहस्पतिवार को एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहली बार एक साथ त्रिपक्षीय बैठक की। यह बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली। इसे वैश्विक राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। ट्रंप ने बैठक की शुरुआत में कहा कि अमेरिका, रूस और चीन दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और उनके इस्तेमाल के खतरे को घटाने के लिए चर्चा करने की विशिष्ट स्थिति में हैं। उन्होंने कहा, ''हम वास्तव में इतिहास बना रहे हैं।'' वहीं, जिनपिंग ने कहा कि तीनों देशों के बीच बातचीत का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति को बढ़ावा देना है। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, जिनपिंग ने परमाणु हथियारों पर प्रतिबंध लगाने और उन्हें पूरी तरह नष्ट करने की वकालत की। उन्होंने परमाणु हथियारों से मुक्त दुनिया बनाने का आह्वान किया। पुतिन ने द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका, रूस और चीन की साझा भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि तीनों देश उस युद्ध के विजेता रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने की उनकी संयुक्त जिम्मेदारी है।

 

परमाणु हथियारों पर नियंत्रण सबसे बड़ी चुनौती
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा परमाणु हथियारों पर नियंत्रण रहा। अमेरिका और रूस के बीच आखिरी परमाणु हथियार नियंत्रण समझौता 'न्यू स्टार्ट' फरवरी में समाप्त हो गया था। ट्रंप अब एक नए, बेहतर और आधुनिक समझौते की इच्छा जता रहे हैं, जिसमें चीन को भी शामिल किया जाए। हालांकि, चीन को इस तरह के समझौते के लिए तैयार करना आसान नहीं होगा। अनुमान के मुताबिक, चीन के पास 600 से अधिक परमाणु हथियार हैं, जबकि अमेरिका और रूस के पास पांच-पांच हजार से अधिक परमाणु हथियार होने का अनुमान है। ट्रंप ने भी स्वीकार किया कि परमाणु हथियार हासिल करने के बाद उन्हें छोड़ना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि इन हथियारों को खत्म करना आसान काम नहीं है।

 

ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी चर्चा
शस्त्र नियंत्रण संघ के कार्यकारी निदेशक डेरिल किमबॉल ने कहा कि केवल कूटनीतिक दिखावे और नेताओं की तस्वीरों से काम नहीं चलेगा। इस दिशा में लगातार बातचीत और ठोस प्रयासों की जरूरत है। त्रिपक्षीय बैठक से पहले ट्रंप और जिनपिंग के बीच अलग से द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस साल दोनों नेताओं की यह तीसरी बड़ी मुलाकात थी। ट्रंप ने जिनपिंग के साथ अपने अच्छे संबंधों की तारीफ की। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति जारी रखने में दोनों देशों की साझा दिलचस्पी का भी उल्लेख किया। ईरान युद्ध के कारण यह समुद्री मार्ग हमलों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ट्रंप ने यह संकेत भी दिया कि वह चीन से अमेरिका के कृषि उत्पादों की खरीद बढ़ाने का आग्रह करेंगे। चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, जिनपिंग ने ताइवान का मुद्दा उठाया और कहा कि दोनों देशों को आर्थिक एवं व्यापारिक मामलों में संवाद बेहतर करने की जरूरत है।

 

पुतिन से भी हुई ट्रंप की अलग बैठक
ट्रंप ने बृहस्पतिवार को पुतिन के साथ भी अलग से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट बातचीत हुई। यह पिछले साल अलास्का में हुई बातचीत के बाद उनकी पहली मुलाकात थी। उस समय यूक्रेन युद्ध समाप्त करने को लेकर कोई समझौता नहीं हो पाया था। पुतिन से हाथ मिलाते हुए ट्रंप ने उन्हें अपना मित्र बताया। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच कई वर्षों से अच्छे संबंध रहे हैं और इस मुलाकात से अच्छी चीजें निकल सकती हैं। हालांकि, अमेरिका और यूक्रेन के संबंधों में हाल के दिनों में तनाव बढ़ा है। ट्रंप ने रूस पर नए प्रतिबंध लगाने से इनकार किया है। वहीं, यूक्रेन को युद्ध में अपने ड्रोन संचालन के लिए मिलने वाली उपग्रह सहायता में भी बाधाओं का सामना करना पड़ा है।

 

जिनपिंग और पुतिन की दोस्ती ट्रंप के लिए चुनौती
इस बैठक का एक महत्वपूर्ण पहलू चीन और रूस के बीच बढ़ती नजदीकी भी है। जिनपिंग ने बुधवार को पुतिन का स्वागत करते हुए उन्हें अपना पुराना मित्र कहा था। जवाब में पुतिन ने भी जिनपिंग को अपना प्रिय मित्र बताया। यूक्रेन पर 2022 में रूस के हमले के बाद पश्चिमी देशों ने मॉस्को पर प्रतिबंध लगाए थे। ऐसे समय में चीन ने आर्थिक और व्यापारिक सहयोग के जरिए रूस को बड़ी राहत दी। इसके मुकाबले जिनपिंग और ट्रंप के संबंधों में उतनी सहजता दिखाई नहीं देती। सितंबर में व्हाइट हाउस की यात्रा के दौरान जिनपिंग ने ट्रंप के साथ अपने व्यक्तिगत संपर्कों का उल्लेख तो किया, लेकिन उनका व्यवहार काफी संयमित रहा।

 

AI और व्यापारिक प्रतिस्पर्धा भी बनी चिंता
अमेरिका और चीन के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा उन्नत कंप्यूटर चिप को लेकर प्रतिस्पर्धा भी तेज हो रही है। दोनों देश इस तकनीक में दुनिया का नेतृत्व हासिल करना चाहते हैं। इसके अलावा, अमेरिका चीन पर व्यापारिक असंतुलन और दुर्लभ खनिजों की आपूर्ति को लेकर भी दबाव बना रहा है। पिछले साल दोनों देशों के बीच शुल्क वृद्धि को लेकर हुए टकराव के बाद व्यापारिक तनाव कम करने के लिए समझौता हुआ था, जिसकी अवधि अगले वर्ष 10 जनवरी को समाप्त होने वाली है। ट्रंप ने फिलहाल चीन को उन्नत कंप्यूटर चिप की आपूर्ति पर और सख्त प्रतिबंध लगाने से परहेज किया है। वह चीन के साथ संबंधों को और बिगाड़ना नहीं चाहते।

 

यूक्रेन की गैरमौजूदगी पर भी उठे सवाल
इस बैठक को लेकर एक बड़ा सवाल यह भी है कि यूक्रेन युद्ध पर चर्चा में यूक्रेन को ही शामिल नहीं किया गया। जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों की भी इस बातचीत में भागीदारी नहीं थी, जबकि इन देशों के हित भी युद्ध और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े हैं। ट्रंप ने बैठक में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय जैसी वैश्विक संस्थाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तीनों देश ऐसी संस्थाओं से अपनी संप्रभुता की रक्षा के तरीकों पर चर्चा करेंगे। कुल मिलाकर, तीन परमाणु शक्तियों के नेताओं की यह मुलाकात वैश्विक राजनीति में नए समीकरण बनने का संकेत देती है। लेकिन क्या यह बातचीत वास्तव में युद्ध रोकने और परमाणु हथियारों पर लगाम लगाने की दिशा में आगे बढ़ेगी, इसका जवाब आने वाले समय में ही मिलेगा।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News