चीन का आरोप- धार्मिक मामलों में दखल दे रहा अमेरिका

punjabkesari.in Tuesday, Nov 12, 2019 - 03:47 PM (IST)

 

बीजिंगः चीन ने अमेरिका पर संयुक्त राष्ट्र संघ के जरिए तिब्बत के दलाई लामा के उत्तराधिकार मामले में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है। दरअसल, अमेरिका ने चीन को दलाई लामा का उत्तराधिकारी चुनने से रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना अभियान तेज कर दिया है। पिछले हफ्ते ही अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता विभाग के राजदूत सैम ब्राउनबैक ने कहा था कि, "अमेरिका चाहता है कि संयुक्त राष्ट्र तिब्बत के आध्यात्मिक नेता के उत्तराधिकारी के मुद्दे को उठाए क्योंकि तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा के उत्तराधिकारी को चुनने का अधिकार चीनी सरकार नहीं, तिब्बत के बौद्धों के पास है।"

 

हालांकि ब्राउनबैक के इस बयान पर चीन ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि, अमेरिका धार्मिक आजादी के बहाने चीन के आंतरिक मामले में दखल की कोशिश कर रहा है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जेंग शुआंग ने कहा कि, "अमेरिका की ये कोशिश नाकाम रहेगी और अंतरराष्ट्रीय बिरादरी भी इसका विरोध करेगी।" चीन का तर्क का है कि, उसने इस हिमालयन रीजन में विकास और आधुनिकीकरण को नई रफ्तार दी है। उसने ये इशारा भी किया है कि अगला दलाई लामा चीनी शासन के समर्थन के लिए तैयार होगा।

 

84 साल के दलाई लामा की तबियत इन दिनों ठीक नहीं है। वो ज्यादा यात्रा नहीं कर रहे हैं। ऐसे में चीन को ऐसा लगता है कि दलाई लामा के बाद तिब्बत की स्वायतता का अभियान खत्म हो जाएगा। बता दें कि 1995 में चीन ने अपना पंचेन लामा चुना था और उस 6 साल के बच्चे को राजनीतिक बंदी बना लिया था, जिसे तिब्तियों के सबसे बड़े धर्म गुरु के उत्तराधिकारी के रुप में देखा जा रहा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News