ब्रिटेन में ''फ्रीडम रन'' के जरिए मना 71वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न

punjabkesari.in Tuesday, Aug 15, 2017 - 08:43 PM (IST)

लंदनः  71वें स्वतंत्रता दिवस की खुमारी देश ही नहीं विदेशों में देखने को मिल रही है। विदेशों में रह रहे भारतीयों ने आज भारत की आजादी की सालगिराह मनाई। ब्रिटेन में रह रहे भारतीय समुदाय के सैकड़ों लोगों ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर  'फ्रीडम रन' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौड़ में धावकों ने 'इंडिया 70' लिखी हुई टी-शर्ट पहनकर और हाथ में तीन रंगों वाली चमकीली छड़ी लहराते हुए हिस्सा लिया। इस दौड़ की शुरुआत यहां के ऐतिहासिक पार्लियामेंट स्क्वायर से हुई और भारतीय उच्चायोग के पास समाप्त हुई।

भारतीय उच्चायुक्त वाईके सिन्हा ने सभा को संबोधित किया। सिन्हा ने कहा, इस ऐतिहासिक दिन को और विशेष बनाने के लिए हम कुछ प्रतीकात्मक करना चाहते थे और पार्लियामेंट स्क्वायर से भारतीय उच्चायोग तक सैकड़ों उत्साहित भारतीयों की दौड़ से अच्छा और क्या हो सकता था।

फ्रीडम रन भारत की गरीबी और भ्रष्टाचार से आजादी का प्रतीक है। दौड़ में हिस्सा लेने वाले धावक लंदन के कई ऐतिहासिक स्थलों जैसे बिग बेन टावर, लंदन आई, स्कॉटलैंड यार्ड मुख्यालय और वाटरलू ब्रिज से 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्‌' के नारे लगाते हुए गुजरे।

लंदन में भारत के उपउच्चायुक्त ने कहा कि यह दौड़ आधी रात के बाद ब्रिटिश सत्ता से मिली आजादी का प्रतीक है। इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय उच्चायोग द्वारा ब्रिटेन में रह रहे भारतीयों को एक साथ लाकर आजादी का जश्न मनाने के लिए किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News