अफगानिस्तान में मानवीय संकट गहराया, विनाशकारी-अकाल जैसी परिस्थितियों का संकट बढ़ा

punjabkesari.in Monday, Nov 22, 2021 - 05:40 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः तालिबन के कब्जे के बाद अफगानिस्तान में मानवीय संकट गहराता जा रहा है।। संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने चेतावनी जारी की है कि अफगानिस्तान में किसानों और पशुपालकों पर विनाशकारी और अकाल जैसी परिस्थितियों का संकट मंडरा रहा है और सर्दी के मौसम की शुरुआत के बाद हालात और भी बदतर हो सकते हैं।  UN एजेंसी ने  बताया की कीमतों में उछाल आ रहा है जबकि संसाधनों व आपूर्ति की तुलना में ज़रूरतों का स्तर तेज़ी से बढ़ रहा है।

 

अफगानिस्तान में UN के प्रतिनिधि रिचर्ड ट्रैनचार्ड ने कहा कि हालात संकटपूर्ण हैं। हमने जिस भी किसान से बात की उन्होंने बताया कि इस साल उनकी पूरी फसल  बर्बाद हो गई और उन्हें अपने मवेशियों को बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा । इसी कारण  वे विशाल कर्ज के बोझ में  दब गए और धनार्जन का कोई संसाधन नहीं है। UN एजेंसी के मुताबिक़  एक करोड़ 88 लाख अफगान हर दिन अपने परिवार के लिए भरपेट भोजन का प्रबन्ध करने में सक्षम नहीं हैं।  इस वर्ष के अन्त तक यह आँकड़ा बढ़कर दो करोड़ 30 लाख पहुँच जाने की आशंका जताई गई है।

 

सूखे की समस्या से शुरू हुआ संकट अब आर्थिक आपदा में तब्दील हो गया है। हर 10 में से 9 बड़े शहरी केंद्रों को अत्यधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्ज बढ़ रहा है और बचत खत्म होती जा रही है। बताया गया है कि सूखे ने एक व्यापक क्षेत्र को पहले से ही अपनी चपेट में ले लिया था और अब हालात और भी खराब हो रहे हैं। किसानों और पशुपालकों पर वर्ष 2022 में लगातार दूसरे साल  सूखे से प्रभावित होने की चुनौती गहरा रही है।  देश के बिगड़ते हालात को लेकर कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने अमेरिका से अफगानिस्तान की केंद्रीय बैंक की संपत्ति को तुरंत जारी करने का आह्वान किया है।

 

टोलोन्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मुत्ताकी ने कहा कि अमेरिका अब अफगानिस्तान के साथ युद्ध में शामिल नहीं है और अफगान संपत्ति को फ्रीज करने का उसका कोई औचित्य नहीं है। ऐसे में संपत्ति को फ्रीज करने का क्या कारण है? यह संपत्ति इस्लामी अमीरात की नहीं बल्कि अफगानिस्तान के लोगों की है। मुत्तकी ने सवाल किया कि अमेरिका ने हमारी संपत्ति को फ्रीज कर दिया और फिर हमसे कहा कि वह हमें मानवीय सहायता प्रदान करेगा। इसका क्या मतलब है?


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News