नाइजीरिया: सैन्य केंद्र पर बोको हराम का हमला, कई सैनिकों के मारे जाने की आशंका
punjabkesari.in Monday, Jul 16, 2018 - 07:05 PM (IST)
कानो : सुदूरवर्ती पूर्वोत्तर नाइजीरिया में एक सैन्य केंद्र पर बोको हराम के हमले में कई सैनिकों के मरने की आशंका है। सुरक्षा सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस्लामी आतंकवादियों ने शनिवार शाम को योबे राज्य के गेईदम इलाका स्थित जिली गांव में सैन्य केंद्र पर हमला बोला। एक दिन पहले ही उन्होंने पड़ोसी बोर्नो राज्य में सैनिकों पर हमला किया था।
बहरहाल शनिवार के हमले के सिलसिले में किसी अधिकारी ने टिप्पणी नहीं की है लेकिन एक सैन्य सूत्र ने एएफपी को बताया कि अब तक 31 सैनिक शहीद हुए हैं। इनमें तीन अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हमले में निगरानी समिति के दो सदस्य भी मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि 24 सैनिक घायल हुए हैं और उनका उपचार चल रहा है।