सोमालिया में आतंकियों ने बिछाया मौत का जाल; घात लगाकर सैनिकों को बनाया निशाना, 20 जवानों की मौत

punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 04:54 PM (IST)

Mogadishu: इस्लामी चरमपंथियों द्वारा घात लगाकर किए गए एक हमले में 20 सोमाली सैनिकों की मौत हो गई। इस हमले में जीवित बचे एक सैन्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। सरकार ने अपनी सैन्य गाड़ियों को नुकसान पहुंचने की बात स्वीकार की है, लेकिन सैनिकों के मारे जाने या घायल होने के बारे में कोई खुलासा नहीं किया है। लगभग दो दशकों से सोमालिया की सरकार के खिलाफ लड़ रहे अल-कायदा से जुड़े अल-शबाब आतंकवादी समूह ने दक्षिणी सोमालिया के जामीका गांव के पास सोमवार को हुए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। सोमालिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि घंटों चली इस लड़ाई के दौरान उसकी सेना ने लगभग 75 चरमपंथियों को मार गिराया और 56 अन्य को घायल कर दिया।

 

वहीं, अल-शबाब ने दावा किया कि उसने 321 सैनिकों को मार डाला और कई सैनिकों को बंधक बनाने के साथ-साथ उनके सैन्य उपकरण भी जब्त कर लिए। दोनों पक्षों की ओर से हताहतों की संख्या और सैनिकों तथा उपकरणों पर कब्जे के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी। हमले के समय सैन्य दल के साथ यात्रा कर रहे अधिकारी अबशिर अब्दीकरीम ने मंगलवार देर रात फोन पर 'द एसोसिएटेड प्रेस' (एपी) को बताया कि उन्होंने हमले के बाद अपने कम से कम 20 साथी सैनिकों के शव देखे।

 

उन्होंने बताया कि सैनिक लीगो से बे क्षेत्र के बुरहाकाबा जिले में स्थित जामीका की ओर बढ़े थे, जहां चरमपंथियों और उनके बीच भारी गोलीबारी हुई। उन्होंने बताया कि पहले लापता बताए गए कुछ सैनिक मंगलवार को बालेदोगले पहुंच गए, जबकि अन्य का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रक्षा मंत्रालय ने इस घटना को चरमपंथियों के ठिकानों पर हमले के रूप में दर्शाया। वहीं अल-शबाब ने कहा कि उसके लड़ाकों ने अपने नियंत्रण वाले क्षेत्र में आगे बढ़ रहे सैन्य दल पर घात लगाकर हमला किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News