खुल गया गुलाब की भीनी-भीनी खुशबू का राज

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2015 - 01:42 AM (IST)

वाशिंगटन : सदियों से गुलाब की पंखुडिय़ों में छुपी भीनी-भीनी खुशबू के राज से पर्दा उठ गया है। वैज्ञानिकों ने उस एन्जाइम का पता लगा लिया है जो इन फूलों में खुशबू पैदा करने में अहम भूमिका निभाता है। इस एन्जाइम के बारे में पता लगने से अब गुलाब की विभिन्न किस्मों की गायब हो रही खुशबू फिर से लौटाने में मदद मिल सकती है। 
 
अनुसंधानकत्र्ताओं ने बताया कि इत्र और सौंदर्य प्रसाधनों के लिए आवश्यक तेल मुहैया करने वाले गुलाब को उसकी खूबसूरती और मोहक खुशबू के लिए उगाया जाता है लेकिन समय के साथ इसकी खुशबू गायब होती जा रही है। 
 
फ्रांस स्थित द यूनिवर्सिटी ऑफ ल्योन सेंट एटीने के जीन लुइस मैगनार्ड और उनके साथियों ने निश्चित वांछनीय विशेषताओं के लिए चयनित गुलाब की 2 किस्मों के जीन की जांच करने पर पाया कि फूलों की सुगंध का कारण कोई एक दम अलग अप्रत्याशित एन्जाइम का परिवार है। उन्होंने पाया कि आर.एच.एन.यू.डी.एक्स.1 एन्जाइम गुलाब में खुशबू पैदा करता है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News