ओंटारियो के एक शख्स का दावा, करीब 1 हजार से ज्यादा मानव तस्करी की...कनाडा-US बॉर्डर से भेजे लोग
punjabkesari.in Friday, Apr 07, 2023 - 10:17 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: इसी महीने की शुरुआत में कनाडा में पुलिस ने दो बच्चों सहित आठ लोगों के शव बरामद किए हैं, जो कनाडा से संयुक्त राज्य अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। मरने वालों में एक भारतीय मूल की महिला भी शामिल है, सभी लोग सेंट लॉरेंस नदी को नाव से पार करके कनाडा से अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच ओंटारियो के एक शख्स ने दावा किया था कि उसने कनाडा-US बॉर्डर के पार करीब एक हजार से ज्यादा लोगों को तस्करी की थी। वहीं अब उस शख्स को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
शख्स पर आरोप है कि उसने अकवेस्ने मोहॉक क्षेत्र का उपयोग मानव तस्करी के लिए किया। वहीं ब्रैम्पटन, ओन्टारियो के सिमरनजीत "शैली" सिंह ने मानव तस्करी से संबंधित आरोपों के लिए न्यूयॉर्क के उत्तरी जिले के लिए US फेडरल कोर्ट में बुधवार को दोषी नहीं होने का अनुरोध किया। सिंह को गुरुवार को अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया था। अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, मार्च 2020 और अप्रैल 2022 के बीच सेंट लॉरेंस नदी से चार बार तस्करी की कोशिश की गई थी। फेसबुक मैसेज और मानव स्रोतों के जरिए सबत इकट्ठे किए गए हैं जिसमें यह बात सामने आई है कि मानव तस्करी की कोशिश हुई है।
कोर्ट के रिकॉर्ड के अनुसार, सिंह ने कथित तौर पर एक दलाल के रूप में काम किया, जो मुख्य रूप से भारतीय नागरिकों को अमेरिका में तस्करी करने के लिए $5,000 से $35,000 प्रति व्यक्ति चार्ज करता था। फिर उसने समुदाय के लोगों को 2,000 डॉलर से 3,000 डॉलर प्रति व्यक्ति के बीच भुगतान किया ताकि उन्हें अकवेसन क्षेत्र के माध्यम से नदी के पार ले जाया जा सके। सिंह का अभियोग पिछले सप्ताह सेंट लॉरेंस पर चार भारतीय नागरिकों सहित आठ संदिग्ध प्रवासियों की मौत से जुड़ा नहीं है।
अदालत के रिकॉर्ड के मुताबिक, सिंह ने कथित तौर पर एक महिला को तीन भारतीय नागरिकों को न्यूयॉर्क राज्य में पास के मोटल में ले जाने के लिए 4,000 डॉलर की पेशकश की थी। अदालत के रिकॉर्ड में यह भी आरोप लगाया गया है कि सिंह ने एक ही अकवेस्ने बोटमैन को एक अन्य तस्करी दलाल के साथ शेयर किया यानि कि उसने कई लोगों की तस्करी की है। बता दें कि हाल ही में आठ लोगों की हुई मौत ने मानव तस्करी की तरफ सरकार और पुलिस का ध्यान खींचा है जिसके बाद से अकवेस्ने मोहॉक के पुलिस प्रमुख शॉन डुलुडे ने कहा है कि नदी पर निगरानी भी बढ़ा दी गई है।