अमेरिका और भारत मिलकर बनाएंगे उज्जवल भविष्य: विदेश मंत्री रुबियो का बयान
punjabkesari.in Friday, Aug 15, 2025 - 12:23 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका मिलकर आज की आधुनिक चुनौतियों का सामना करेंगे और दोनों देशों के लिए एक उज्जवल भविष्य सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच के ‘‘ऐतिहासिक संबंधों’’ को महत्वपूर्ण और दूरगामी बताया। रुबियो ने शुक्रवार को भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अमेरिका की तरफ से भारतीय जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
रुबियो ने अपने संदेश में कहा, "दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और सबसे पुराने लोकतंत्र के बीच ऐतिहासिक संबंध महत्वपूर्ण और दूरगामी हैं। साथ मिलकर काम करते हुए, अमेरिका और भारत आज की आधुनिक चुनौतियों का सामना करेंगे और दोनों देशों के लिए एक उज्जवल भविष्य सुनिश्चित करेंगे।" उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देश “अधिक शांतिपूर्ण, समृद्ध और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए हमारे साझा दृष्टिकोण” से एकजुट हैं। भारत और अमेरिका की साझेदारी उद्योगों से लेकर नवाचार को बढ़ावा देने, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों को आगे बढ़ाने, और अंतरिक्ष क्षेत्र तक विस्तृत है।