अलास्का में भूकंप के जोरदार झटकों से कांपी धरती, डरे-सहमे लोग घरों से बाहर भागे

punjabkesari.in Friday, Nov 28, 2025 - 11:38 AM (IST)

नेशनल डेस्क : इंडोनेशिया में भूकंप आने के कुछ ही समय बाद अमेरिका के अलास्का राज्य में भी तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6 मापी गई। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, यह भूकंप अलसुबह (Early Morning) लगभग 5 बजकर 11 मिनट पर आया। झटके काफी तेज थे, जिन्हें आस-पास के कई क्षेत्रों में महसूस किया गया।

कहां था भूकंप का केंद्र?

USGS ने बताया कि भूकंप का केंद्र सुसिटना शहर से लगभग 14 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में स्थित था। भूकंप धरती की सतह से करीब 69 किलोमीटर की गहराई में दर्ज हुआ, जो इसे मध्यम गहराई का भूकंप बनाता है।

कोई जान-माल का नुकसान नहीं

अलास्का के एंकरेज मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में भूकंप के बाद प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। एंकरेज की मेयर सुजैन लाफ्रांस ने बताया कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सार्वजनिक ढांचे और जरूरी सेवाओं में भी कोई दिक्कत दर्ज नहीं हुई। राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी साफ कर दिया है कि इस भूकंप के बाद सुनामी का खतरा नहीं है। इसके बावजूद, सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार अलास्का परिवहन विभाग ने सड़कों, सुरंगों और अन्य परिवहन सुविधाओं की जांच की।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

भूकंप के बाद सोशल मीडिया पर एक घर का CCTV वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में लिविंग रूम की चीजें हिलती दिखाई देती हैं। साथ ही, एक बच्चा काउच पर सोया हुआ दिखता है, जो झटके महसूस करते ही फौरन उठकर अंदर भाग जाता है। यह वीडियो बताता है कि झटके कितने तेज थे।

आने वाले हफ्तों में और झटकों की संभावना

USGS ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अलास्का में अगले कुछ हफ्तों में एक या अधिक आफ्टरशॉक्स आ सकते हैं। इनमें से कुछ झटकों की तीव्रता 5 या उससे ज्यादा होने की 28% संभावना है। वहीं हल्के झटकों की संभावना 97% बताई गई है, जिनकी तीव्रता लगभग 3 के आसपास हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News