अमेरिका में डेविडसन फेलो स्कॉलरशिप पाने वाले 20 मेधावी छात्रों 6 भारतवंशी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 03, 2018 - 12:32 PM (IST)
लॉस एंजलिसः अमेरिका में भारतीय समुदाय ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में दबदबा कायम रखते हुए 6 भारतवंशी किशोरों ने साल 2018 के लिए प्रतिष्ठित डेविडसन फेलो स्कॉलरशिप हासिल किया है। स्कॉलरशिप राशि के रूप में भारतीय मूल के दो छात्रों को अलग-अलग रूप से 50 हजार डॉलर की राशि मिली। वहीं तीन अन्य छात्रों को अलग-अलग 25 हजार डॉलर और एक छात्र को 10 हजार डॉलर की राशि मिली। पूरे अमेरिका में कुल 20 मेधावी छात्रों को शुक्रवार को वाशिंगटन में 2018 की डेविडसन फेलो स्कॉलरशिप दी गई।
कैंसर के मरीजों के इलाज का एक लक्षित तरीका बताने के लिए काव्या कोप्पारापू को 50 हजार डॉलर की स्कालरशिप मिली वहीं जीका वायरस की अग्रिम चेतावनी प्रणाली विकसित करने की दिशा में काम करने के लिए कनेक्टिकट के राहुल सुब्रह्मण्यम को भी 50 हजार डॉलर की राशि मिली। 25 हजार डॉलर की राशि पाने वाले तीन अन्य छात्रों के नाम एरिजोना के सचिन कोनन, वर्जीनिया की मेरिसा सुमतिपाला और न्यू जर्सी से ईशान त्रिपाठी है।
वहीं कैलिफोर्निया के 18 वर्षीय राजीव मोव्वा को 10 हजार डॉलर की स्कालरशिप राशि मिली। डेविडसन स्कॉलरशिप को दुनिया की 10 सबसे बड़ी स्कॉलरशिप में एक और सात प्रतिष्ठित अंडरग्रेजुएट स्कालरशिप में एक माना जाता है। डेविडसन इंस्टीट्यूट यह स्कॉलरशिप 18 साल या 18 साल से कम उम्र के ऐसे छात्रों को देती है जो विज्ञान, गणित, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, संगीत, साहित्य, दर्शन या अन्य क्षेत्र में अपनी मेधा का परिचय देते हैं।