अमेरिका में गोलीबारी घटनाओं में 2 लोगों की मौत, 8 घायल

punjabkesari.in Sunday, May 22, 2022 - 10:41 AM (IST)

लॉस एंजिलिसः अमेरिका में  विभिन्न  स्थानों पर हुई गोलीबारी घटनाओं में 2 लोगों की मौत हो गई व  8 घायल हो गए।  पहला मामला दक्षिणी कैलिफोर्निया का है जहां  एक हुक्का लाउंज  में पार्टी के दौरान गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। लॉस एंजिलिस के सर्जेंट एक्विनो थॉमस ने बताया कि सैन बर्नांडीनो पुलिस अधिकारियों को ‘स्ट्रिप मॉल लाउंज' के बाहर पार्किंग क्षेत्र में एक शव मिला, जिस पर गोली के निशान थे। इस मॉल में पार्टी का विज्ञापन सोशल मीडिया पर भी दिया गया था।

 

पुलिस ने एक बयान में कहा कि एलन ग्रेशम (20) को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। थॉमस ने बताया कि गोली लगने से घायल हुए आठ लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि उनकी चोटें जानलेवा नहीं लग रही हैं। पुलिस के बयान में कहा गया है कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया और एक को चोरी की बंदूक रखने के संदेह में गिरफ्तार किया गया है।  

 

इसके अलावा अमेरिका की मार्शल सेवा के एक अधिकारी ने उस व्यक्ति को गोली मार दी, जिसे वह गिरफ्तारी वारंट देने की कोशिश कर रहा था। केंटुकी पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। लुइसविले मेट्रो पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह की है, जब अधिकारी और व्यक्ति के बीच बहस हुई। पुलिस ने बताया कि घरेलू हिंसा, गला घोंटने और हमले के आरोपों को लेकर व्यक्ति के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

 

जेफरसन काउंटी के कोरोनर कार्यालय ने मृत व्यक्ति की पहचान लुइसविले के 25 वर्षीय ओमारी क्रायर के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने क्रायर की मदद की, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। लुइसविले पुलिस की ‘पब्लिक इंटीग्रिटी यूनिट' ‘यूएस मार्शल सर्विस' के अनुरोध पर गोलीबाारी की इस घटना की जांच कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News