अफगानिस्तान का दावा: डूरंड लाइन पर 19 पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जा, 55 PAK सैनिकों की मौत

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 05:16 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः अफगानिस्तान में तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ एक बड़े सीमा पार सैन्य अभियान का दावा किया है। तालिबान सरकार का कहना है कि उसने डूरंड लाइन के पास 19 पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है और इस दौरान 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। यह कार्रवाई अफगान धरती पर हाल ही में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में की गई बताई जा रही है।

तालिबान सरकार का बयान: जवाबी हमला जारी

अफगानिस्तान सरकार के उप-प्रवक्ता हामदुल्लाह फितरत ने गुरुवार (स्थानीय समय) को बताया कि डूरंड लाइन के अलग-अलग इलाकों में पाकिस्तान के खिलाफ भारी जवाबी सैन्य अभियान शुरू किया गया है। उनके मुताबिक 1 बड़ा सैन्य मुख्यालय (हेडक्वार्टर) और 19 पाकिस्तानी सैन्य चौकियां अफगान बलों के कब्जे में आ चुकी हैं।

55 सैनिक मारे जाने का दावा, कुछ जिंदा पकड़े गए

हामदुल्लाह फितरत का दावा है कि इस ऑपरेशन में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 23 सैनिकों के शव बरामद किए गए है। इसके अलावा कुछ सैनिकों को जिंदा पकड़ लिया गया है। साथ ही अफगान बलों ने दर्जनों हल्के और भारी हथियार, एक टैंक और एक इंटरनेशनल हार्वेस्टर वाहन को भी जब्त करने का दावा किया है। तालिबान का कहना है कि यह सैन्य अभियान अभी भी जारी है।

किन इलाकों में चल रहा है ऑपरेशन?

तालिबान के अनुसार, यह कार्रवाई अफगानिस्तान के कई सीमावर्ती प्रांतों में चल रही है, जिनमें पक्तिया, खोस्त,कुनार,नूरिस्तान, नंगरहार और तोर्खम गेट शामिल हैं। फितरत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह अभियान 203 मंसूरी कोर और 201 खालिद बिन वलीद कोर के जरिए चलाया जा रहा है।

खोस्त प्रांत में बड़ा पाकिस्तानी हेडक्वार्टर कब्जे में

एक अन्य पोस्ट में हामदुल्लाह फितरत ने दावा किया कि खोस्त प्रांत के अलीशेर-तेरेजी जिले में अंजार सर इलाके में स्थित पाकिस्तान का एक प्रमुख सैन्य मुख्यालय अफगान बलों ने अपने कब्जे में ले लिया है।

तालिबान के मुताबिक, इस कार्रवाई में दर्जनों पाकिस्तानी सैनिक मारे गए या घायल हुए और भारी मात्रा में हथियार अफगान बलों के हाथ लगे हैं।

तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद का बयान

इससे पहले तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने भी बयान जारी कर कहा था कि पाकिस्तान की ओर से बार-बार किए जा रहे हमलों के जवाब में डूरंड लाइन पर पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों के खिलाफ व्यापक आक्रामक अभियान शुरू किया गया है। उनका कहना था कि यह कार्रवाई पाकिस्तानी सेना की “लगातार आक्रामकता” का सीधा जवाब है।

अफगान सेना प्रमुख कर रहे हैं अभियान की अगुवाई

तालिबान ने यह भी जानकारी दी है कि इस बड़े सैन्य अभियान की कमान अफगान सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ फसीहुद्दीन फितरत के हाथ में है।

डूरंड लाइन पर हालात बेहद तनावपूर्ण

डूरंड लाइन, जिसे अफगानिस्तान आज भी औपचारिक अंतरराष्ट्रीय सीमा नहीं मानता, एक बार फिर गंभीर संघर्ष का केंद्र बन गई है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव से सीमावर्ती इलाकों में दहशत, सैन्य टकराव के और बढ़ने की आशंका और आम नागरिकों की सुरक्षा पर खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

फिलहाल पाकिस्तान की ओर से इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन स्थिति को लेकर पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News