स्पेस में तैर रहा 10 करोड़ से ज्यादा जंक, एेसे होगा साफ

punjabkesari.in Monday, Dec 12, 2016 - 04:04 PM (IST)

टोक्यो: जापान में शिंजो आबे सरकार स्पेस में सफाई अभियान शुरू करने जा रही है। नासा के मुताबिक, पृथ्वी की कक्षा में 10 करोड़ से ज्यादा स्पेस जंक के टुकड़े फैले हुए हैं। स्पेस में फैले कचरे को बटोरने के लिए एक कार्गो शिप भेजा जाएगा। इसके लिए 700 मीटर लंबा जाल बनाया गया है। इसे जापान में मछली पकड़ने का जाल बनाने वाली 106 साल पुरानी कंपनी नितो सिमो ने बनाया है।

 स्पेस जंक में पुराने सैटेलाइट्स के बेकार हो चुके इक्विपमैंट्स, टूल्स और रॉकेट के बिट्स आदि शामिल हैं। इसे स्पेस से तुरंत हटाने की जरूरत है।  अगर ऐसा नहीं किया गया तो इनसे टकराने वाली कोई भी चीज खत्म हो सकती है। दरअसल, नितो सिमो कंपनी पिछले 10 साल से जापानी स्पेस जाक्सा एजैंसी के साथ मिलकर इस जाल को बनाने में जुटी थी, ताकि स्पेस में फैले कचरे को समेटा जा सके। इस प्रोजैक्ट के हेड कोइची इनोउ ने बताया कि स्पेस एजैंसी अगले महीने इसका ट्रायल करेगी। यह प्रयोग अंतर्राष्ट्रीय सफाई मिशन का एक अहम हिस्सा है। इसका मकसद अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा और करीब 6.74 लाख करोड़ रुपए के अंतरिक्ष स्टेशनों का बचाव करना है।

अंतरिक्ष में सैटेलाइट्स और रॉकेट का फैला कचरा करीब 28,165 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से घूम रहा है। इस कचरे का छोटा-सा हिस्सा भी किसी कम्युनिकेशन नेटवर्क को नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि, किसी एस्ट्रोनॉट को इससे नुकसान नहीं पहुंचा है, पर कुछ सैटेलाइट को नुकसान हुआ है।  नासा के मुताबिक, स्पेस में करीब 5 लाख टुकड़े ऐसे तैर रहे हैं, जिनकी लंबाई एक से 10 सैंटीमीटर के बीच हैं। स्पेस जंक के करीब 21000 टुकड़े 10 सैंटीमीटर से बड़े हैं। इसके अलावा दस करोड़ टुकड़े एक सेंटीमीटर से छोटे हैं। ज्यादातर टुकड़े 2000 किमी की रफ्तार से पृथ्वी की कक्षा में घूम रहे हैं। अमरीका ने स्पेस जंक को ट्रैक करने के लिए करीब 1 बिलियन डॉलर नई ट्रैकिंग डिवाइस बनाने पर खर्च किया है। आटोमेटेड कार्गो जहाज का नाम स्ट्रोक है। जापानी भाषा में इसे कोउनोटोरी कहते हैं। यह अंतरिक्ष में फैले कचरे को पहले जाल में इकट्‌ठा करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News