नेपाल में भीषण बाढ़, भूस्खलनों के कारण 77 लोगों की मौत

punjabkesari.in Thursday, Jul 28, 2016 - 10:41 PM (IST)

काठमांडू : नेपाल में मूसलाधार बारिश के कारण आए बाढ़ और भूस्खलनों के कारण कम से कम 77 लोगों की मौत हो गई जबकि सैकड़ों अन्य को अपने घर छोडऩे पर मजूबर होना पड़ा। भारी तबाही को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान के लिए सेना को तैनात किया गया है। भारी बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलनों से हजारों लोगों की जिंदगियां खतरे में पड़ गईं। 
 
देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण उफन रहीं नदियों का पानी अपने साथ सैकड़ों घरों और पुलों को बहा ले गया। काठमांडू पोस्ट अखबार की खबर के अनुसार बाढ़ और भूस्खलन के कारण सोमवार से कम से कम 77 लोगों की मौत हो गई। नौ लोग अब भी लापता हैं। प्राकृतिक आपदाओं से सबसे ज्यादा प्रयूथान जिला प्रभावित हुआ है जहां कम से कम 36 लोग मारे गए और दर्जनों घर पानी में बह गए। 
 
अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ और भूस्खलन के कारण करीब 200 परिवार विस्थापित हो गए। पुलिस ने कहा कि बाढ़ का पानी चार छोटी पनबिजली परियोजनाओं को भी बहाकर ले गया। पुलिस ने बताया कि प्रभावित हुए अधिकतर लोग भूकंप पीड़ित हैं जो भूकंप से क्षतिग्रस्त हुए घरों की मरम्मत के बाद उसमें रह रहे थे। भूकंप प्रभावित हजारों नेपाली अब भी तंबुओं में रह रहे हैं। 
 
पिछले साल आए विध्वंसक भूकंपों से करीब 9,000 लोग मारे गए थे। सरकारी अधिकारी आपदा प्रबंधन प्रणाली के प्रभावशाली तरीके से कार्यान्वयन में नाकाम रहे हैं। बाढ़ प्रभावित 14 जिलों में राहत एवं बचाव अभियानों के लिए सैन्यकर्मी तैनात किए गए हैं। कल नारायणी नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था। हालांकि कोसी नदी में जलस्तर अब धीरे धीरे नीचे जा रहा है। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News