The Krishna Effect: श्रीकृष्ण की लीलाओं पर भव्य डॉक्यूमेंट्री श्रृंखला, जन्माष्टमी पर होगी रिलीज

punjabkesari.in Friday, Aug 01, 2025 - 01:43 PM (IST)

 नई दिल्ली। श्री कृष्ण के शाश्वत ज्ञान और आधुनिक मनोविज्ञान पर आधारित लोकप्रिय दार्शनिक उपन्यास द कृष्ण इफ़ेक्ट (The Krishna Effect) पर अब एक डॉक्यूमेंट्री श्रृंखला तैयार की जा रही है। इस परियोजना का निर्देशन ऋषिकेश पांडे कर रहे हैं जिसका निर्माण युवा निर्माता पवन जगताप कर रहे हैं, जो इसे वैश्विक दर्शकों तक पहुँचाने की योजना पर काम कर रहे हैं।
 

यह डॉक्यूमेंट्री न केवल उपन्यास की रहस्यमयी परतों को उजागर करेगा, बल्कि मध्य प्रदेश सरकार की श्री कृष्ण पाथेय योजना, की भौगोलिक यात्रा और संस्कृति को भी सामने लाएगा। श्री कृष्ण पाथेय मध्य प्रदेश सरकार की सांस्कृतिक पहलों में से एक है, जिसका उद्देश्य भगवान कृष्ण से जुड़े आध्यात्मिक स्थलों को एक व्यवस्थित तीर्थ मार्ग से जोड़ना है। भारतीय दार्शनिक और लेखक ऋषिकेश पांडे, जिन्हें देवऋषि के नाम से भी जाना जाता है, द्वारा रचित उपन्यास The Krishna Effect की मूल प्रेरणा इस योजना के वृन्दावन से श्रीकृष्ण के पथ पर चलते हुए द्वारका तक की यात्रा है, जिसमे वृन्दावन, मथुरा, उज्जैन, कुरुक्षेत्र और द्वारका की सांस्कृतिक धरोहर शामिल है। उपन्यास का हिंदी संस्करण 'श्री कृष्ण पाथेय' नाम से प्रकाशित हुआ है, जिसका संपादन वीर भारत न्यास के सचिव श्रीराम तिवारी ने किया है। इस पुस्तक की प्रस्तावना मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिखी है, जो इसे सनातन ज्ञान और आधुनिक आंतरिक संवाद के बीच एक सांस्कृतिक सेतु बताते हैं।
 

उपन्यास अपनी दो समानांतर कहानियों, एक आधुनिक काल के तीन पात्रों की बनते बिगड़ते रिश्तों, मानसिक तनाव और जीवन-यात्रा पर और दूसरी श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं के माध्यम से कृष्ण की शिक्षाओं को आज के मानसिक संघर्षों से जोड़ता है। उपन्यास की विशेषता इसका दार्शनिक आधार है जिसे लेखक सोनिक फिलोसोफी कहते हैं, जिसकी अवधारणा स्वयं लेखक देवऋषि द्वारा दी गई है और जिसे नाद ब्रह्म से प्रेरित बताया जाता है।
 

डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से पवन जगताप इस दर्शन को दृश्य कथा और आध्यात्मिक संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करना चाहते हैं। वह इस परियोजना को न केवल साहित्यिक, बल्कि कलात्मक और सांस्कृतिक फिल्मांकन का एक नमूना भी बनाना चाहते हैं, ताकि युवाओं को सनातन दर्शन की आधुनिक व्याख्या से जोड़ा जा सके।
 

यह डॉक्यूमेंट्री वीर भारत न्यास और सनातन विजडम के सहयोग से बनाई जाएगी, जो इसे एक आधिकारिक सांस्कृतिक प्रस्तुति का रूप देगी। साथ ही, उम्मीद है कि यह श्रृंखला "द कृष्णा इफ़ेक्ट" के विचारों को वैश्विक मंच पर लाकर भारतीय आध्यात्मिक सिनेमा के एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी।
 

इसकी खूबसूरती का एक और बड़ा कारण यह है कि "द कृष्णा इफ़ेक्ट" एक भक्ति संगीत एल्बम भी है, और इसका पहला ट्रैक, "कृष्ण स्तुति" और "बृज के नंदलाला" पहले ही श्रोताओं का ध्यान आकर्षित कर चुका है। "विहारी तेरे नैना" और "हरि बोल" गाने जन्माष्टमी से पहले रिलीज़ होंगे।
 

बढ़ते डिजिटल दर्शकों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आध्यात्मिक सामग्री की लोकप्रियता को देखते हुए, यह प्रोजेक्ट न केवल उपन्यास "द कृष्णा इफ़ेक्ट" को एक नई पहचान देगा, बल्कि भारतीय दर्शन और कृष्ण तत्व की गहराई को भी नए ज़माने की भाषा में व्यक्त करेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyotsna Rawat

Related News