मैंने रानी पद्मावती को कायर नहीं कहा... Troll होने के बाद Swara Bhaskar के बदले तेवर , बोलीं- मेरी भाषा समझ नहीं आती तो पूछ लेनी चाहिए
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 12:57 PM (IST)
Swara Bhaskar : स्वरा भास्कर इन दिनों फिल्म पद्मावत के जौहर सीन पर दिए अपने बुराने बयान को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। एक इवेंट के दौरान अभिनेत्री के फिल्म में दीपिका पादुकोण समेत अन्य महिलाओं के जौहर को लेकर अपनी आपत्ति जाहिर की रही, जिसके बाद उनके बयान पर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ।
अब इस विवाद के बीच स्वरा भास्कर ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कायर नहीं बताया। अभिनेत्री ने अपने बयान का गलत मतलब निकाले जाने का आरोप लगाया है और बताया कि आखिर उन्होंने पद्मावत के उस सीन को लेकर अपनी आपत्ति क्यों जाहिर की थी।
मेरी बातों का गलत मतलब निकाला जा रहा...
विवाद को बढ़ते देख स्वरा भास्कर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर पूरे मामले पर सफाई दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उनकी एक वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है। स्वरा के मुताबिक, एक इवेंट में उनसे संजय लीला भंसाली को लिखे गए उनके ओपन लेटर और फिल्म पद्मावत को लेकर उनकी आपत्ति के बारे में सवाल किया गया था। उन्होंने दावा किया कि उनके जवाब को गलत तरीके से पेश किया गया और उसका भ्रामक अनुवाद कर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
स्वरा ने सफाई दी कि सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि उन्होंने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली अन्य महिलाओं को कायर बताया था, जबकि उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा कुछ नहीं है। एक्ट्रेस ने बताया कि उनका बयान रानी पद्मावती या उन महिलाओं की बहादुरी पर टिप्पणी नहीं था और उन्होंने कभी उन्हें कायर नहीं कहा।
मुझे गालियां देनी है तो ...
इसके बाद उन्होंने तंज कस्ते हुए कहा कि, जब भाषा समझ नहीं आती है तो पूछ लेना चाहिए। मनगढ़ंत कहानियां लोगों को उत्तेजित नहीं करना चाहिए। जो लोग मुझे गालियां देना चाहते हैं दें लेकिन सही बात पर। उन्होंने कहा, जब मैं फिल्म का क्लाइमैक्स देख रही थी तो मुझे लगा कि भगवान न करें कि मैं एक रेप पीड़िता होती। मैं कायर महसूस करती कि मैंने अपनी जान नहीं ले ली। यानी सीधी बात है कि मैं ऐसा महसूस करती कि अगर मैं रेप के बाद बच गई तो मैं कायर थी।"
स्वरा भास्कर ने ऐसा क्यों कहा ?
इसके बाद स्वरा भास्कर ने इस बात की सफाई भी दी कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा। उन्होंने बताया- "हमारा समाज एक ऐसा समाज है, जहां रेप महामारी की तरह फैला हुआ है। हम एक रेप कल्चर के बीच में रहते हैं। कल ही दिल्ली में एक बहुत ही हिंसक ओर बर्बर रेप की घटना हुई है। जहां 46 किलोमीटर तक एक बच्ची के साथ गैंगरेप हुआ एक गाड़ी में। ये असलियत है हमारे देश की।
इसके बाद स्वरा भास्कर ने बताया कि उन्हें फिल्म पद्मावत का जौहर वाला दृश्य सही क्यों नहीं लगा। अभिनेत्री के मुताबिक, किसी फिल्म में ऐसा सन्देश नहीं जाना चाहिए कि किसी महिला की शारीरिक पवित्रता उसकी जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई महिला यौन हिंसा की शिकार होने के बाद जिन्दा बच जाती है तो क्या उसे यह महसूस कराया जाना चाहिए कि उसकी जिंदगी खत्म हो जाना बेहतर होता। स्वरा ने कहा कि किसी महिला की जिंदगी को उसके साथ हुए दुष्कर्म के आधार पर कमतर नहीं आंका जाना चाहिए और यही उनकी आपत्ति का मुख्य कारण था।
इस दौरान अभिनेत्री ने निर्भया मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि निर्भया ने आखिरी समय तक अपने साथ हुई हिंसा का विरोध किया और आरोपियों के खिलाफ संघर्ष किया। स्वरा का कहना था कि ऐसी घटनाओं के संदर्भ में महिलाओं के जीवन और उनके संघर्ष को महत्व दिया जाना चाहिए।
