नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद पत्नी संग स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचे सुकुमार, ‘पुष्पा 2’ की सफलता का मनाया जश्न
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 05:51 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। फिल्ममेकर सुकुमार इन दिनों अपनी फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ की बड़ी सफलता और नेशनल अवॉर्ड जीतने को लेकर सुर्खियों में हैं। 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में ‘पुष्पा 2’ के लिए बेस्ट स्क्रीनप्ले राइटर का अवॉर्ड जीतने के बाद सुकुमार अपनी पत्नी थबिथा बंदरेड्डी के साथ स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचे। सुकुमार ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की खूबसूरती की तारीफ करते हुए इसे भारत का गौरव और प्रतीक बताया। उन्होंने हर भारतीय से इस ऐतिहासिक स्थल को देखने की अपील भी की। पत्नी के साथ यहां पहुंचकर उन्होंने इस ट्रिप को शानदार अनुभव बताया।
‘पुष्पा 2: द रूल’ सुकुमार के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए हिंदी में करीब 800 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 1800 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। रिलीज के वक्त फिल्म ने रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग के साथ कई बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड अपने नाम किए थे।
‘पुष्पा’ फ्रेंचाइजी ने सुकुमार की खास कहानी कहने की शैली और मजबूत स्क्रीनप्ले को नई पहचान दी है। वहीं, ‘पुष्पा’ के लिए अल्लू अर्जुन के नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद अब ‘पुष्पा 2’ के लिए सुकुमार को मिला सम्मान इस फ्रेंचाइजी की एक और बड़ी उपलब्धि बन गया है।
सुकुमार अपनी अलग तरह की कहानी, दमदार किरदारों और विजुअल ट्रीटमेंट के लिए जाने जाते हैं। ‘पुष्पा’ फ्रेंचाइजी के जरिए उन्होंने कई भाषाओं और क्षेत्रों के दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। अब फैंस उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और देखना चाहते हैं कि वह बड़े पर्दे पर अगली बार क्या नया लेकर आते हैं।
