सिद्धार्थ-तमन्ना की ‘द वन’ का ट्रेलर आउट, डर, रोमांच और रहस्य से भरपूर है कहानी
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 11:52 AM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द वन’ (The Vvaan) को लेकर चर्चा में हैं। टीजर और फिल्म के पहले गाने ‘छठी मैया’ को मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद अब मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज कर दिया है। करीब 2 मिनट 44 सेकंड के इस ट्रेलर में भारतीय लोककथाओं, पुरानी मान्यताओं, फैंटेसी, एडवेंचर और अलौकिक शक्तियों से भरी एक रहस्यमयी दुनिया की झलक देखने को मिलती है। कहानी एक ऐसे जंगल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां सूर्यास्त के बाद जाना मना है और जिसके भीतर छिपे रहस्य आम इंसान की समझ से परे हैं।
गांव पहुंचते ही वीर के सामने खुलता है बड़ा रहस्य
ट्रेलर में सिद्धार्थ मल्होत्रा वीर के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो शहर में पला-बढ़ा है और अपने पैतृक गांव जाने से बचता रहता है। हालांकि, छठ के मौके पर उसका भाई उसे गांव आने के लिए कहता है। वहीं, उसकी पत्नी का किरदार निभा रहीं तमन्ना भाटिया भी छठ के अवसर पर गांव जाने की जिद करती हैं। गांव पहुंचने के बाद वीर का सामना वन देवी मंदिर और उससे जुड़े एक गहरे रहस्य से होता है। कहानी में एक दिलचस्प बदलाव तब देखने को मिलता है, जब कभी विकास के नाम पर जंगल काटने वाला शख्स उसी जंगल का रक्षक बन जाता है। ट्रेलर में कॉमेडी, डर, लोककथाओं और पौराणिक तत्वों का दिलचस्प मेल नजर आता है।
सिद्धार्थ-तमन्ना की पहली ऑनस्क्रीन जोड़ी
‘द वन’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार साथ स्क्रीन शेयर करते दिखाई देंगे। ट्रेलर में दोनों के बीच की केमिस्ट्री की भी झलक देखने को मिलती है। फिल्म की कहानी बिहार की 16वीं सदी से जुड़े रहस्यमयी वन देवी मंदिर और छठ की मान्यताओं के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म की इस विशाल दुनिया से दर्शकों को ‘द लीजेंड ऑफ वन’ नाम की कॉमिक बुक के जरिए पहले ही परिचित कराया जा चुका है। सिद्धार्थ और तमन्ना के अलावा फिल्म में अनूप सोनी, श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर और मनीष पॉल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ट्रेलर देखकर उत्साहित हुए सोशल मीडिया यूजर्स
ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कई यूजर्स ने फिल्म के विजुअल्स, बैकग्राउंड म्यूजिक और इसकी अलग कहानी की तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा, ‘फर्स्ट डे फर्स्ट शो तो कन्फर्म है मेरा।’ वहीं, एक अन्य यूजर ने ट्रेलर और बैकग्राउंड म्यूजिक की तारीफ करते हुए कहा कि इसे देखकर रोंगटे खड़े हो गए। एक यूजर ने फिल्म के कॉन्सेप्ट को ‘भारतीय लोककथाएं और मनोवैज्ञानिक रहस्य’ का अनोखा मेल बताया। अनुरभ कुमार और दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी ‘द वन’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
अमूल ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को दिया खास शाउट आउट, कालीन भैया के अंदाज में बनाया ‘मास्कापुर’ क्रिएटिव
