उम्र 40 साल, अब तक क्यों कुंवारी हैं Shakti Mohan ? बताया क्यों नहीं की शादी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 03:54 PM (IST)
Mumbai : Dance India Dance 2 जीतने के बाद Shakti Mohan ने न सिर्फ टीवी बल्कि बॉलीवुड में भी अपनी अलग पहचान बनाई। आज वो एक सफल कोरियोग्राफर होने के साथ अपना डांस स्टूडियो भी संभाल रही हैं। हाल ही में वो Siddharth Kannan के पॉडकास्ट में नजर आईं, जहां उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कई खुलासे किए।
इस बातचीत में शक्ति ने अपनी शादी को लेकर लोगों के सवालों पर खुलकर जवाब दिया। उन्होंने बताया कि 40 की उम्र में भी सिंगल होने को लेकर उनसे अक्सर सवाल किए जाते हैं। यहां तक कि उनके माता-पिता भी इस विषय पर उनसे बात करते रहते हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि उनकी मां तो उन्हें कम से कम एक बॉयफ्रेंड बनाने की सलाह देती हैं।

शक्ति ने साफ कहा कि फिलहाल वह अपनी जिंदगी में बेहद खुश हैं। उन्हें अपने काम और स्टूडियो को चलाने में संतुष्टि मिलती है और उन्हें ऐसा नहीं लगता कि उनकी जिंदगी में किसी चीज की कमी है। उनके मुताबिक, समाज ने यह सोच बना दी है कि जीवन में किसी का साथ होना जरूरी है, जबकि हर किसी के लिए यह जरूरी नहीं होता।
उन्होंने आगे कहा कि अगर भविष्य में उन्हें कोई अच्छा साथी मिलता है तो वह शादी के लिए मना नहीं करेंगी, लेकिन सिर्फ समाज के दबाव में आकर वह कोई फैसला नहीं लेना चाहतीं।

पॉडकास्ट के दौरान शक्ति ने यह भी बताया कि उनके अंदर कभी मां बनने की इच्छा महसूस नहीं हुई। उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक अहम पहलू भी साझा किया और कहा कि उनका दिल दो बार टूट चुका है। एक रिश्ते में उन्हें धोखा मिला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत वह रिश्ता खत्म कर दिया।
उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उन्हें उस रिश्ते को नजरअंदाज कर आगे बढ़ने की सलाह दी थी, लेकिन शक्ति ने इसे स्वीकार नहीं किया। उनका मानना है कि अगर रिश्ते में ईमानदारी नहीं है तो उसे निभाने का कोई मतलब नहीं। उन्होंने साफ कहा कि वह अपनी जिंदगी में ऐसे किसी व्यक्ति को जगह नहीं देना चाहतीं, जो उन्हें सम्मान और सच्चाई न दे।

