अगर बार चोर आए तो इससे लड़ना... Saif के छोटे बेटे ने थमाई प्लास्टिक की तलवार, अपनी आंखों के सामने हमला देख सहम गया था Jeh
punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2026 - 01:57 PM (IST)
Saif Khan Stabbing Case : बॉलीवुड स्टार सैफ अली खान ने अपने घर पर हुए हमले के बाद की एक भावुक बात साझा की है। अभिनेता ने बताया कि उनके छोटे बेटे जेह ने उन्हें अपनी प्लास्टिक की तलवार दी और कहा कि अगर ऐसी स्थिति दोबारा आए, तो वे इसका इस्तेमाल करें। 'कॉफी विद करण' में इस घटना के बारे में बात करते हुए, सैफ ने बताया कि इस अनुभव का उनके परिवार पर क्या असर पड़ा। उन्होंने कहा कि उस समय बहुत छोटे रहे जेह ने अपने पिता को एक रक्षक के रूप में देखा।
जेह ने सैफ को थमाई प्लास्टिक की तलवार
सैफ ने बताया, "जेह ने मुझे अपनी प्लास्टिक की तलवार दी और कहा, 'अगली बार जब वह चोर आए, तो इसका इस्तेमाल करना।' कुछ महीनों तक उसने वह प्लास्टिक की तलवार मेरे पास ही रखी। यह सब उसके सामने हुआ,वह लड़ाई-झगड़ा वगैरह और अब उसे लगता है कि मैं एक बहुत बड़ा रक्षक हूं। उसे लगता है कि मैं 'आयरन मैन' हूं।

इस पर करण जौहर ने बताया कि उन्हें भी अपने बच्चों को ऐसी स्थिति के बारे में समझाना पड़ा था और उनका बेटा तैमूर को लेकर काफी चिंतित था। वहीं, सैफ ने माना कि वह हमला एक डरावना अनुभव था न सिर्फ इसलिए कि उन्हें चोटें आईं बल्कि इसलिए भी क्योंकि हमलावर उनके छोटे बेटे के ठीक ऊपर खड़ा था।
सैफ ने याद करते हुए कहा, "यह बहुत भयानक था। मेरी गर्दन पर कट के निशान थे, मुझे लगा कि मेरी पीठ में भी कुछ चुभा है और गिरने की वजह से मुझे कई चोटें आईं। मैं घायल था लेकिन वह ठीक था।
अभिनेता ने कहा, "उसने मुझे लगभग दस बार चाकू मारा। यह सब बहुत जल्दी हो गया। मुझे लगता है कि शायद हिंदी सिनेमा वाले मेरे स्वभाव की वजह से, मैंने सबसे पहले उस पर हमला किया। मुझे बहुत गुस्सा आया कि वह चाकू लेकर मेरे बेटे के ऊपर खड़ा था। सैफ ने यह भी बताया कि शुरुआती झड़प के बाद, उन्होंने और उनके घर के कर्मचारी हरि ने दीवार पर सजी सजावटी तलवारें निकालने की कोशिश की, क्योंकि उन्हें लगा कि शायद और भी हमलावर हो सकते हैं। उन्होंने बताया, "दीवार पर तलवारें टंगी थीं बिल्कुल वैसी ही सजावटी ढाल और तलवारें, जो लोग अक्सर सजावट के लिए रखते हैं। मैं और हमारे सहायक, हरि, उन तलवारों को दीवार से उतार रहे थे ताकि नीचे जाकर उस आदमी का फिर से सामना कर सकें। हमें लगा कि शायद उसके साथ कुछ और लोग भी हो सकते हैं। लेकिन, करीना कपूर खान ने बीच-बचाव किया और उनसे कहा कि वे वापस नीचे जाने के बजाय अपना इलाज करवाएं।

सैफ ने याद करते हुए बताया, "जब हम तलवारें लेकर उसका सामना करने के लिए नीचे जा रहे थे, तो करीना ने कहा, 'बेवकूफी मत करो। लिफ्ट में बैठो। हमें तुम्हें अस्पताल ले जाना है। करीना ने आगे बताया कि उस समय तक सैफ से काफी खून बह रहा था और उन्हें चलने में भी दिक्कत हो रही थी। वहीं, हमलावर भी घायल था और अपना पैर घसीटते हुए चल रहा था।
इस घटना के बाद 6 महीने तक करीना को नींद नहीं आई
उस घटना को याद करते हुए करीना ने बताया कि इस अनुभव का उनके मन पर गहरा असर पड़ा। उन्होंने खुलासा किया कि हमले के बाद लगभग छह महीने तक उन्हें ठीक से नींद भी नहीं आ रही थी। इसके बाद सैफ ने बताया कि कैसे इस अनुभव ने उन्हें सुरक्षा के महत्व का एहसास कराया।
सैफ ने कहा, "लोगों को सावधान रहना चाहिए। आज के दौर में यह कहते हुए बुरा लग रहा है, लेकिन थोड़ी सुरक्षा की जरूरत तो है ही। मुझे लगता है कि हमारे बचपन के मुकाबले आज की दुनिया थोड़ी ज्यादा असुरक्षित हो गई है।
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि यह घटना जनवरी 2025 में हुई थी, जब एक घुसपैठिया मुंबई में सैफ और करीना के घर में दाखिल हो गया था।
आमना-सामना होने पर हमलावर ने सैफ पर चाकू से वार किया, जिससे उन्हें कई जगह चोटें आईं खासकर उनकी गर्दन और पीठ पर। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई।
