आप विलेन क्यों बन रहे हो ? पापा Yash को रावण बनते देख हैरान हुआ बेटा, बोला- क्या End में आप मर जाओगे ? पूछे अजीबों-गरीब सवाल

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 04:53 PM (IST)

Yash as Ravana in Ramayana : निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में रावण का किरदार निभा रहे 'रॉकिंग स्टार' यश ने फिल्म की तैयारी के दौरान हुई एक दिलचस्प बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें अपने छोटे बेटे को यह समझाना पड़ा कि उनके पिता फिल्म में भगवान राम नहीं, बल्कि विलेन (रावण) का किरदार क्यों निभा रहे हैं।

यश ने बताया कि जब उनके बेटे को इस महाकाव्य (रामायण) के बारे में पता चला, तो वह यह जानकर हैरान रह गया कि उसके पिता रावण का किरदार निभाने वाले हैं।

यश ने याद करते हुए कहा, "मेरा बेटा जानता है कि उसके पिता कौन हैं लेकिन जब उसे रामायण की कहानी पता चली, तो वह हैरान रह गया। उसने कहा, 'नहीं, आप तो विलेन हैं ! आप ऐसा कैसे कर सकते हैं ? मैंने उसे समझाया कि लोगों को पूरी कहानी ठीक से समझ आए, इसके लिए हमें पूरी घटना दिखानी होगी। यश ने बताया कि बच्चों को यह समझाना एक चुनौती थी कि 'अभिनेता' और 'किरदार' अलग-अलग होते हैं। उन्होंने अपने बेटे को कहानी का महत्व समझाया और बताया कि क्यों भगवान राम ही आदर्श हैं, जिनका अनुसरण करना चाहिए।

उन्होंने कहा, "मुझे अपने बेटे को पास बिठाकर समझाना पड़ा कि इस कहानी में मुख्य पात्र भगवान राम हैं, जिन्हें अपना आदर्श मानना ​​चाहिए। हर किसी को राम के दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए। रावण भले ही बहुत भव्य, शक्तिशाली और प्रभावशाली लगे, लेकिन जीवन में असली और स्थायी जीत तभी मिलती है जब आप राम के आदर्शों और धर्म के मार्ग पर चलते हैं। मैंने उससे कहा, 'तुम थिएटर में एक अभिनेता के तौर पर मेरा समर्थन कर सकते हो, लेकिन मेरे किरदार को ही अपना आदर्श मत मान लेना।'

बातचीत तब और दिलचस्प हो गई जब उनके बेटे ने पूछा कि क्या कहानी के अंत में रावण हार जाता है और मारा जाता है। उस पल को याद करते हुए यश ने बताया, "फिर उसने पूछा, 'क्या अंत में आप मर जाते हैं ? क्या आप हार जाते हैं?  यह मुश्किल था। जब मैंने इस प्रोजेक्ट के लिए साइन किया, तो मैं सोच रहा था कि अपने दर्शकों को एक बेहतरीन परफॉरमेंस दूं लेकिन मैंने अपने बेटे के सवालों के बारे में नहीं सोचा था। उसे एक एक्टर और एक नाटकीय किरदार के बीच का फर्क समझाना अपने आप में एक अलग ही अनुभव था।

 नितेश तिवारी की रामायण में रावण बनेंगे यश 
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' को नमित मल्होत्रा ​​के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' ने यश के 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। दो भागों में बनी इस महागाथा का पहला हिस्सा 5 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News