मां बनने के बाद करियर बनाना बहुत मुश्किल, Preity Zinta ने बताया- बच्चों और फिल्मों का कैसे तालमेल बिठाती हैं

punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 12:12 PM (IST)

Preity Zinta : एक्ट्रेस और एंटरप्रेन्योर प्रीति जिंटा ने मां बनने और अपनी प्रोफेशनल जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बिठाने के बारे में बात की है। एक्ट्रेस ने कहा कि कई जिम्मेदारियों को संभालना आसान नहीं है लेकिन एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम होने की वजह से ही वह जिंदगी में अलग-अलग चीज़ें कर पाई हैं। प्रीति ने कहा कि महिलाएं कुदरती तौर पर एक साथ कई काम करने में माहिर होती हैं और बताया कि कैसे कामकाजी मांएं काम से लौटने के बाद भी परिवार की जिम्मेदारियां निभाती रहती हैं।

Preity Zinta on Working Moms

उन्होंने कहा, "महिलाएं कुदरती तौर पर मल्टीटास्कर होती हैं। अगर आप अपनी मां या मेरी मां को देखें, तो हो सकता है कि वे नौकरी न करती हों, लेकिन उनका काम मेरे पिता, तीन बच्चों और घर-गृहस्थी की देखभाल करना और बहुत सी दूसरी चीजें संभालना होता है। इसलिए, महिलाएं कुदरती तौर पर मल्टीटास्कर होती हैं। अब महिलाएं सुपर वुमन बन गई हैं क्योंकि बहुत सी महिलाएं काम करती हैं और फिर घर आकर बच्चों की देखभाल भी करती हैं।

प्रीति ने माना कि करियर और मां बनने की भूमिका को एक साथ निभाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन उन्होंने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उनके पास दोनों को संभालने के लिए जरूरी साधन और सपोर्ट मौजूद है। "मैं बहुत खुशकिस्मत हूं और भगवान की शुक्रगुजार हूं कि मेरे पास साधन हैं जिनसे मुझे मदद मिल सकती है। अगर मुझे मदद नहीं मिलती तो मैं यहां तक ​​नहीं पहुंच पाती।
दिल से' फिल्म की एक्ट्रेस ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि हालांकि सपोर्ट प्रोफेशनल और पर्सनल जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बिठाने की चुनौतियों को आसान बना सकता है लेकिन यह मां की जगह नहीं ले सकता।
उन्होंने आगे कहा, "बेशक, कोई भी मां की जगह नहीं ले सकता, लेकिन मेरी मां साथ हैं और हमारे पास दूसरे लोग भी हैं। तो हां, यह आसान नहीं है, लेकिन अगर आप ज़िंदगी में अलग-अलग चीजें करना चाहते हैं तो आपको सब कुछ एक तरफ रखकर अलग-अलग समय पर अलग-अलग चीज़ें देखनी होंगी। तो जाहिर है कि यह आसान नहीं है लेकिन जब आपके पास साधन हों तो यह उतना मुश्किल भी नहीं होता।

Preity Zinta on Working Moms

'वीर-जारा' की एक्ट्रेस ने उन महिलाओं की भी तारीफ की जो बिना ऐसे साधनों के काम और परिवार की जिम्मेदारियां संभालती हैं और कहा कि उनकी कोशिशें तारीफ़ के काबिल हैं। उन्होंने कहा, "ऐसी कई महिलाएं हैं जिनके पास साधन नहीं हैं, फिर भी वे ऐसा कर रही हैं। इसलिए जब मैं उन हालात को देखती हूं, तो उनकी तारीफ़ करती हूं और भगवान का शुक्रगुजार हूं कि मेरे पास ये विकल्प मौजूद हैं।

प्रीति जिंटा लॉस एंजिल्स, कैलिफोर्निया में रहती हैं, जहां वे अपने अमेरिकी पति जीन गुडइनफ और जुड़वां बच्चों, जय और जिया के साथ रहती हैं। एक्ट्रेस ने अपनी पर्सनल लाइफ पर ध्यान देने, मां बनने का अनुभव लेने और अपने बिजनेस को संभालने के लिए फिल्मों से लंबा ब्रेक लिया था। आठ साल के ब्रेक के बाद, उन्होंने राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित और आमिर खान प्रोडक्शंस द्वारा समर्थित पीरियड ड्रामा फिल्म "बंटवारा 1947" से सिल्वर स्क्रीन पर वापसी की। सनी देओल स्टारर यह फिल्म 14 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News