न्यारा एम. बनर्जी ने बताया, ‘प्रेमकथा’ ने दिखाया कि भंसाली की फिल्म में कैसी दिखूंगी
punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 05:35 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। स्टोरी टीवी का माइक्रोड्रामा शो ‘प्रेमकथा’ इन दिनों अपनी रोमांटिक कहानी, बदले और बड़े पर्दे जैसी भव्यता को लेकर चर्चा में है। गुजरात की रंगीन पृष्ठभूमि पर आधारित इस शो में न्यारा एम. बनर्जी और करम राजपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। प्यार, जुनून और दुश्मनी से भरी यह कहानी दर्शकों को कई चौंकाने वाले मोड़ों से रूबरू कराती है।
खतरनाक डॉन की बेटी को ट्रक ड्राइवर से हुआ प्यार
शो में न्यारा एम. बनर्जी सेजल का किरदार निभा रही हैं, जो एक खतरनाक डॉन की निडर बेटी है। सेजल को जय से प्यार हो जाता है, जिसका किरदार करम राजपाल ने निभाया है। जय एक साधारण ट्रक ड्राइवर है, जो मुश्किल परिस्थितियों में बार-बार सेजल की मदद करता है। हालांकि, दोनों की प्रेम कहानी जल्द ही दो दुश्मन अपराधी परिवारों के बीच खूनी टकराव की वजह बन जाती है। कहानी में आगे कई राज खुलते हैं और जय की असली पहचान सामने आने के बाद दोनों की जिंदगी बदल जाती है।
‘प्रेमकथा’ में भंसाली की फिल्मों जैसा अंदाज लाने की कोशिश
शो के विजुअल्स और फिल्मी अंदाज पर बात करते हुए न्यारा एम. बनर्जी ने बताया कि इसे बनाते समय टीम ने फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की फिल्मों से प्रेरणा ली। एक प्रमुख मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में अभिनेत्री ने कहा कि टीम ने भंसाली की फिल्मों का आकर्षण, भव्यता और खास अंदाज पर्दे पर उतारने की कोशिश की है। उन्होंने फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ के गाने ‘लहू मुंह लग गया’ जैसे अंदाज और उसके प्रभाव का जिक्र करते हुए बताया कि शो के दृश्यों को उसी खूबसूरती और एहसास के साथ फिल्माने की कोशिश की गई।
‘शो ने दिखा दिया कि भंसाली की फिल्म में कैसी दिखूंगी’
न्यारा ने कहा कि शो की शूटिंग के दौरान टीम ने इसी सोच के साथ काम किया और भव्यता व ऊर्जा लाने के लिए काफी मेहनत की। उन्होंने बताया, “जब मैं इसके शॉट्स देखती थी, तो मुझे लगता था कि इस शो ने मुझे दिखा दिया है कि मैं भंसाली की किसी फिल्म में कैसी दिखूंगी।” बातचीत के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी पूछा, “लग रही हूं कि नहीं मैं दीपिका पादुकोण जैसी?” प्यार, जुनून और गहरे टकराव की कहानी पेश करने वाला ‘प्रेमकथा’ छोटे एपिसोड वाले माइक्रोड्रामा फॉर्मेट में बड़े पर्दे जैसा अनुभव देने की कोशिश करता है। यह शो अब सिर्फ स्टोरी टीवी ऐप पर स्ट्रीम हो रहा है।
