Musafir Cafe Review: दिल को छू लेने वाली मोहब्बत और रिश्तों की खूबसूरत कहानी
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 12:38 PM (IST)
फिल्म- मुसाफिर कैफे (Musafir Cafe)
स्टारकास्ट- विक्रांत मैसी (Vikrant Massey), वेदिका पिंटो (Vedika Pinto),महिमा मकवाना (Mahima Makwana),आदिल हुसैन (Adil Hussain),सादिया सिद्दीकी (Sadiya Siddiqui),अनुभा फतेहपुरिया (Anubha Fatehpuria)
डायरेक्टर- रुचिर अरुण (Ruchir Arun)
प्लेटफॉर्म- नेटफ्लिक्स (Netflix)
रेटिंग: 4*
Musafir Cafe: नेटफ्लिक्स की नई रोमांटिक ड्रामा सीरीज 'मुसाफिर कैफे' प्यार, किस्मत और जिंदगी के उन अनकहे एहसासों की कहानी है, जिन्हें अक्सर लोग अपने दिल में दबाकर आगे बढ़ जाते हैं। यह सीरीज रिश्तों की जटिलताओं, अधूरी मोहब्बत और खुद की खोज को बेहद संवेदनशील अंदाज में पेश करती है। शानदार अभिनय और दिल को छू लेने वाली इस कहानी का निर्देशन भी बेदह खूबसूरत है। कहानी के साथ 'मुसाफिर कैफे' एक ऐसी इमोशनल जर्नी बन जाती है, जो अंत तक दर्शकों को हिलने नहीं देती।

कहानी
कहानी चंदर (विक्रांत मैसी), सुधा (वेदिका पिंटो) और प्रीति (महिमा मकवाना) के इर्द-गिर्द घूमती है। तीनों किरदारों की जिंदगी अलग-अलग रास्तों पर चलते हुए एक ऐसे मोड़ पर मिलती है, जहां रिश्तों की परिभाषा बदल जाती है। यह सिर्फ एक लव ट्रायंगल नहीं, बल्कि उन लोगों की कहानी है जो सही समय पर सही इंसान से नहीं मिल पाते। सीरीज रिश्तों की जटिलताओं और भावनाओं को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश करती है।

अभिनय
विक्रांत मैसी एक बार फिर साबित करते हैं कि वे छोटे-छोटे एक्सप्रेशन्स से भी गहरा असर छोड़ सकते हैं। चंदर के रूप में उनका अभिनय बेहद ईमानदार और दिल को छू लेने वाला है। वेदिका पिंटो ने सुधा के किरदार में मासूमियत और भावनात्मक गहराई दोनों को खूबसूरती से निभाया है। वहीं महिमा मकवाना प्रीति के रूप में शांत लेकिन प्रभावशाली अभिनय करती हैं। सहायक कलाकारों, खासकर आदिल हुसैन, ने भी अपने किरदारों को मजबूती दी है।

निर्देशन
निर्देशक रुचिर अरुण ने कहानी को बिना किसी बनावटी ड्रामे के बेहद सहज अंदाज में पेश किया है। सीरीज की रफ्तार धीमी जरूर है, लेकिन यही ठहराव इसके भावनात्मक पलों को असरदार बनाता है। कई दृश्य लंबे हैं, मगर किरदारों की भावनाओं को समझने का पूरा मौका देते हैं। सीरीज का सबसे मजबूत पक्ष इसके संवाद और भावनात्मक लेखन हैं। कहानी जल्दबाजी नहीं करती, बल्कि धीरे-धीरे अपने किरदारों और उनके रिश्तों को विकसित करती है। सिनेमैटोग्राफी शानदार है और भोपाल व मसूरी की खूबसूरती कहानी का हिस्सा बन जाती है। बैकग्राउंड म्यूजिक भी भावनाओं को उभारने में अहम भूमिका निभाता है।
