‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज में सिर्फ 7 दिन बाकी, 31 अगस्त से शुरू होगी एडवांस बुकिंग
punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 04:19 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज का इंतजार अब खत्म होने वाला है। लोकप्रिय ओटीटी फ्रेंचाइजी पहली बार सिनेमाघरों में बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म की रिलीज में अब सिर्फ सात दिन बाकी हैं और इसी बीच मेकर्स ने एडवांस बुकिंग को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एडवांस बुकिंग 31 अगस्त से शुरू होगी।
पहली बार बड़े पर्दे पर दिखेगा ‘मिर्जापुर’ का भौकाल
‘मिर्जापुर’ ने ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बनाई है। सीरीज के दमदार किरदार, हिंसा, सत्ता की लड़ाई और डायलॉग्स लंबे समय से दर्शकों के बीच चर्चा में रहे हैं। अब इसी दुनिया को बड़े पर्दे पर विस्तार दिया जा रहा है। मेकर्स के मुताबिक, फिल्म इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को पहली बार थिएट्रिकल अनुभव में बदल रही है।
फिल्म के टीजर और ट्रेलर को पहले ही दर्शकों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल चुकी है। ट्रेलर में कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया जैसे लोकप्रिय किरदारों की वापसी ने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। कहानी में एक बार फिर सत्ता, बदले और ‘गद्दी’ के लिए संघर्ष देखने को मिलेगा।
31 अगस्त से बुक कर सकेंगे अपनी सीट
रिलीज से ठीक एक हफ्ते पहले 31 अगस्त से एडवांस बुकिंग शुरू होने के साथ फैंस अब सिनेमाघरों में अपनी सीट पहले से बुक कर सकेंगे। एडवांस बुकिंग को लेकर यह अपडेट ऐसे समय आया है, जब फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा बनी हुई है। अब देखना होगा कि ‘मिर्जापुर’ की जबरदस्त ओटीटी फैन फॉलोइंग का असर बॉक्स ऑफिस पर किस तरह दिखाई देता है।
4 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी और लेखन पुनीत कृष्णा ने किया है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, रसिका दुग्गल, अभिषेक बनर्जी और रवि किशन समेत फ्रेंचाइजी के कई लोकप्रिय कलाकार नजर आएंगे।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ के साथ ओटीटी की सबसे चर्चित क्राइम फ्रेंचाइजी में से एक अब थिएटर ऑडियंस के बीच अपना ‘भौकाल’ दिखाने के लिए तैयार है। रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग को लेकर बढ़ती हलचल इस बात का संकेत है कि फैंस बड़े पर्दे पर इस दुनिया को देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
