2,770 रूपये का एक टिकट...Ranbir Kapoor की Ramayana का क्रेज सातवें आसमान पर, एडवांस बुकिंग में 4.88 करोड़ की कमाई
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 04:15 PM (IST)
Ramayana Advance Booking : अगर आप दिवाली रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में बड़े पर्दे पर देखना चाहते हैं, तो टिकट बुक करने में देरी करना भारी पड़ सकता है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म रामायण को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म ने एक दिन से भी कम समय में देशभर में एडवांस बुकिंग के जरिए 4.88 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। इस दौरान करीब 85 हजार टिकटों की बिक्री हुई है।
फिल्म की लोकप्रियता के बीच टिकटों की कीमतें भी चर्चा में हैं। मुंबई में कुछ प्रीमियम रिक्लाइनर सीटों के लिए दर्शकों को 2,770 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े इसके प्रति दर्शकों की दिलचस्पी को दर्शाते हैं। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार सुबह 8 बजे तक फिल्म की बुकिंग 104 शहरों में शुरू हो चुकी थी। वहीं, ब्लॉक बुकिंग से होने वाली कमाई को अलग रखने पर फिल्म ने टिकटों की बिक्री से करीब 3.05 करोड़ रुपये जुटाए थे।
मुंबई में टिकट की कीमत 2,700 रुपये के पार
एडवांस बुकिंग की रेस में फिलहाल दिल्ली-NCR सबसे आगे है, जहां 18,674 टिकटों की बिक्री से 1.42 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। इसके बाद मुंबई का नंबर आता है, जहां 14,823 टिकटों से 1.01 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। पुणे, कोलकाता और बेंगलुरु से भी अच्छी बुकिंग मिल रही है।
फिल्म के हिंदी वर्जन की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है, जिससे 4.62 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। कन्नड़ डब वर्जन से 24.92 लाख रुपये और तेलुगु वर्जन से 47,400 रुपये की कमाई हुई है।
Book My Show के अनुसार, जो लोग एक प्रीमियम अनुभव चाहते हैं, उनके लिए मुंबई के लोअर परेल स्थित 'PVR ICON: फीनिक्स पैलेडियम' में 5 और 6 नवंबर को होने वाले कुछ IMAX 3D शो के लिए रिक्लाइनर सीटों की कीमत 2,770 रुपये है। शहर में सबसे पहला शो सुबह 6:45 बजे है, जबकि आखिरी शो रात 11:45 बजे रखा गया है।
