Exclusive Interview: रोमांस और कॉमेडी का परफैक्ट मिक्स है गिन्नी वैड्स सनी-2: मेधा शंकर
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 01:16 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉलीवुड में बदलते ट्रेंड्स के बीच जहां इंटेंस और डार्क कंटेंट का दौर तेजी से बढ़ रहा है वहीं हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों की अहमियत आज भी कायम है। इसी कड़ी में निर्देशक प्रशांत झा एक नई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म गिन्नी वेड्स सनी 2 लेकर आ रहे हैं जिसका निर्माण विनोद बच्चन और उमेश कुमार बंसल ने किया है। यह फिल्म 24 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और अपनी ताज़गी भरी कहानी व हल्के-फुल्के अंदाज से दर्शकों को आकर्षित करने का वादा करती है। इस फिल्म में अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की नई जोड़ी नजर आएगी। इस फिल्म को लेकर अविनाश तिवारी और मेधा शंकर ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...
अविनाश तिवारी
सवाल 1: आजकल फिल्मों में कॉन्फ्लिक्ट कम देखने को मिल रहा है। आप इस ट्रेंड को कैसे देखते हैं?
जवाब: आजकल कई फिल्मों में गहराई और कॉन्फ्लिक्ट की कमी महसूस होती है। लेकिन सिनेमा का मकसद आखिरकार दर्शकों को एंटरटेन करना है। चाहे वो हॉरर हो, रॉमकॉम हो या इंटेंस ड्रामा जरूरी यह है कि दर्शकों को दो घंटे का अच्छा अनुभव मिले। पहले एक दौर था जब सिर्फ रोमकॉम बन रही थीं, फिर एक्शन और इंटेंस कंटेंट का दौर आया। लेकिन अब दर्शक हर तरह का कंटेंट देखना चाहते हैं।
सवाल 2: नई जनरेशन के एक्टर्स जो सोशल मीडिया प्रेशर के कारण करियर छोड़ देते हैं, उन्हें आप क्या सलाह देंगे?
जवाब: किसी और की वजह से अपना सपना मत छोड़ो। अगर आप में टैलेंट है तो उसे निखारो और सही तरीके से सामने लाओ। इंडस्ट्री में अलग-अलग तरह के लोग सफल होते हैं कुछ बॉक्स ऑफिस से, कुछ क्रिटिक्स से। अपनी वैल्यू पहचानो और उसी पर काम करो।
मेधा शंकर
सवाल 3: क्या आपको लगता है कि रोम कॉम का दौर खत्म हो रहा है?
जवाब: बिल्कुल नहीं। रॉमकॉम कभी खत्म नहीं हो सकता। लोगों को हल्का-फुल्का, प्यार भरा कंटेंट हमेशा चाहिए। अगर लगातार इंटेंस फिल्में देखेंगे तो थकान महसूस होगी। रोम कॉम एक तरह का “ब्रीदर” है जो आपको खुशी देता है और प्यार पर विश्वास बनाए रखता है।
सवाल 4: आप दोनों एक-दूसरे के साथ काम करने का अनुभव कैसे बताना चाहेंगे?
जवाब: बहुत शानदार अनुभव रहा। सेट पर पॉजिटिव माहौल था, जिससे परफॉर्म करना आसान हो गया। हमारी केमिस्ट्री नैचुरल थी और उम्मीद है कि दर्शकों को भी यह पसंद आएगी।
सवाल 5: फिल्म की शूटिंग के दौरान आपका पहला इंप्रेशन एक-दूसरे के बारे में क्या था?
मेधा: मेरा पहला इम्प्रेशन बहुत अच्छा था। वो इसलिए क्योंकि हम पहले से एक दूसरे को जानते थे क्योंकि हम एक दूसरी फिल्म भी साथ कर रहे थे। सेट पर एक कम्फर्टेबल एनर्जी थी। ऐसा नहीं लगा कि हमें औपचारिकता निभानी पड़ रही है। सब कुछ बहुत नैचुरल था।
अविनाश: शुरुआत में मैं थोड़ा खोया हुआ था लेकिन जैसे-जैसे शूट आगे बढ़ा सब कुछ सहज हो गया। इनकी एनर्जी ने बहुत मदद की और वही फिल्म में भी नजर आएगा।
सवाल 6: आपकी ड्रीम वेडिंग कैसी होगी? और किस सिंगर को बुलाना चाहेंगे?
मेधा: मेरी ड्रीम वेडिंग सिंपल होगी कम लोग, परिवार के बीच। और अगर सिंगर की बात करें तो मैं सोनू निगम को बुलाना चाहूंगी।
अविनाश: मैं भी सिंपल वेडिंग पसंद करूंगा। पुराने गानों का अपना अलग ही जादू है, तो क्लासिक सिंगर्स मेरी पहली पसंद होंगे।
