विरोध प्रदर्शन में हिरासत के बाद के Imran Khan पर दर्ज हुआ FIR, गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन भी थीं साथ

punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 01:48 PM (IST)

FIR on Imran Khan : मुंबई पुलिस ने अभिनेता इमरान खान और अन्य लोगों के खिलाफ गामदेवी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की है। इन लोगों को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में हिरासत में लिया गया था। यह प्रदर्शन दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के उस विरोध के समर्थन में था, जिसमें स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) प्रक्रिया से जुड़े विवाद को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही थी।

मुंबई पुलिस ने बताया कि FIR भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 (आदेश की अवज्ञा), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 189(2) (गैर-कानूनी जमावड़ा), 189(3) और 189(5) के तहत दर्ज की गई है। पुलिसकर्मी खुद ही शिकायतकर्ता थे। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान मुंबई में 400 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया था।

शनिवार को हिरासत में लिए जाने के बाद, इमरान ने पुलिस वैन के अंदर से अपनी एक तस्वीर अपलोड की, जिसके साथ एक मजेदार कैप्शन था, "लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं। एक वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें इमरान पुलिस से 'जय हिंद' कहते हुए सुने गए।

एक अन्य क्लिप में, उन्होंने अपनी हिरासत के बारे में बात करते हुए कहा, "सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि मुझे यहां क्यों लाया गया है। उन्होंने हम सभी को सड़कों से उठाया और वैन में बैठने को कहा। इमरान ने आगे बताया कि रिहा होने से पहले उन्हें और अन्य लोगों को लगभग दो घंटे तक पुलिस वैन में घुमाया गया।

वैन में बैठने से पहले, 'दिल्ली बेली' अभिनेता ने यह भी बताया कि उनकी कोई खास मांग नहीं थी बल्कि वे बस मुंबई के एक नागरिक के तौर पर आए थे।
उन्होंने कहा, "सर, मेरी कोई मांग नहीं है। लोगों से कुछ भी मांगने की मेरी कोई हैसियत नहीं है। न ही मैं किसी संगठन का हिस्सा हूं इसलिए मैं किसी प्रतिनिधि के तौर पर बात नहीं कर रहा हूं। इमरान के साथ उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और कजिन ज़ैन मैरी खान को भी अगस्त क्रांति मैदान से हिरासत में लिया गया। लेखा और ज़ैन, दोनों ने ही पुलिस वैन से अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लगातार अपडेट्स शेयर किए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News