‘Drishyam The Conclusion’ का धमाका, 24 घंटे में ट्रेलर को मिले 100 मिलियन से ज्यादा व्यूज
punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 04:25 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। अजय देवगन स्टारर ‘Drishyam The Conclusion’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के ट्रेलर ने रिलीज के महज 24 घंटे के अंदर YouTube और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 100 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं। इसके अलावा ट्रेलर को 8.5 लाख से ज्यादा एंगेजमेंट भी मिले हैं, जो फिल्म को लेकर दर्शकों की दीवानगी को दिखाता है।
6 घंटे से ज्यादा समय तक नंबर 1 ट्रेंडिंग
ट्रेलर ने YouTube पर 6 घंटे से ज्यादा समय तक नंबर 1 पर ट्रेंड किया। ‘Drishyam’ फ्रैंचाइज़ी के फैंस लंबे समय से विजय सालगांवकर की कहानी के अगले और अंतिम अध्याय का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में ट्रेलर को मिली यह शानदार प्रतिक्रिया फिल्म की रिलीज से पहले ही इसकी बढ़ती लोकप्रियता का संकेत दे रही है।
अजय देवगन और जयदीप अहलावत की भिड़ंत बनी चर्चा का विषय
ट्रेलर में अजय देवगन और जयदीप अहलावत के बीच नजर आ रही टक्कर सबसे ज्यादा चर्चा में है। विजय सालगांवकर एक बार फिर अपने परिवार को बचाने और अपनी कहानी को छिपाए रखने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, लेकिन इस बार उनके सामने नई चुनौतियां खड़ी हैं। दर्शक यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर इस आखिरी खेल में बाजी किसके हाथ लगेगी और कौन अपनी अगली चाल चलेगा।
प्रकाश राज भी बढ़ाएंगे विजय की मुश्किलें
फिल्म में जयदीप अहलावत के साथ प्रकाश राज का किरदार भी विजय सालगांवकर के रास्ते में बड़ी चुनौती बनकर सामने आएगा। ऐसे में कहानी में पहले से ज्यादा तनाव और रोमांच देखने को मिलने वाला है। ट्रेलर की प्रतिक्रिया के बाद अब दर्शकों की नजर 2 अक्टूबर पर है, जब ‘दृश्यम’ की यह कहानी अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंचेगी।
दमदार स्टारकास्ट के साथ रिलीज होगी फिल्म
‘Drishyam The Conclusion’ का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी अभिषेक पाठक, आमिल कीयन खान और परवेज शेख ने लिखी है।
2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘Drishyam The Conclusion’ को स्टार स्टूडियो18 प्रस्तुत कर रहा है, जबकि इसका निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज ने किया है। फिल्म को आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
