''खोसला का घोसला 2'' में दिव्या खोसला की एंट्री, कल्ट क्लासिक के सीक्वल में दिखेगा नया अंदाज
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 05:31 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉलीवुड की चर्चित कल्ट क्लासिक फिल्म 'खोसला का घोसला' का बहुप्रतीक्षित सीक्वल 'खोसला का घोसला 2' अब दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार है। फिल्म से जुड़ी सबसे बड़ी खबर यह है कि अभिनेत्री दिव्या खोसला आधिकारिक तौर पर इसकी स्टारकास्ट में शामिल हो गई हैं। उनकी एंट्री के साथ फिल्म में एक नया रंग और ताजगी देखने को मिलेगी। मेकर्स का मानना है कि दिव्या का अलग अंदाज और स्क्रीन प्रेजेंस इस पारिवारिक कॉमेडी को और भी खास बनाएगा।
'सावी' और 'एक चतुर नार' के बाद दिव्या की नई चुनौती
हाल के समय में दिव्या खोसला ने थ्रिलर फिल्म 'सावी' और कॉमेडी फिल्म 'एक चतुर नार' में अपने अभिनय से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी है। खास तौर पर 'सावी' को नेटफ्लिक्स पर कई देशों में शानदार प्रतिक्रिया मिली, जबकि 'एक चतुर नार' में उनकी कॉमिक टाइमिंग को काफी पसंद किया गया। इन फिल्मों की सफलता के बाद अब वह 'खोसला का घोसला 2' में बिल्कुल अलग किरदार निभाती नजर आएंगी, जिसे लेकर फैंस में खासा उत्साह है।
पुरानी स्टारकास्ट के साथ जुड़े कई नए चेहरे
टी-सीरीज फिल्म्स और तांडव फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में एक बार फिर अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, प्रवीण डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा अपनी पुरानी भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, दिव्या खोसला के अलावा रवि किशन, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया और दानिश इकबाल भी फिल्म का हिस्सा बने हैं। नए कलाकारों की मौजूदगी कहानी में नए ट्विस्ट और मनोरंजन का तड़का लगाएगी।
निर्माताओं ने जताया भरोसा, जल्द सिनेमाघरों में होगी रिलीज
फिल्म की निर्माता सविता राज हिरेमथ ने कहा कि दिव्या खोसला और रवि किशन की परफॉर्मेंस ने पूरी टीम को प्रभावित किया है और उन्हें पूरा विश्वास है कि दर्शक भी इन दोनों को इस नए अंदाज में पसंद करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा। गुलशन कुमार, टी-सीरीज और तांडव फिल्म्स प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, सविता राज हिरेमथ और राज हिरेमथ ने किया है। मेकर्स का दावा है कि 'खोसला का घोसला 2' में पहली फिल्म की तरह हास्य, भावनाएं, पारिवारिक अफरा-तफरी और कई दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिलेंगे।
