एटली बर्थडे स्पेशल: ‘जिथु जिलाड़ी’ से ‘जिंदा बंदा’ तक, इन गानों ने बनाई डायरेक्टर की खास पहचान

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 02:56 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। जब भी बड़े पर्दे पर भव्य और मनोरंजक सिनेमा की बात होती है, डायरेक्टर एटली का नाम चर्चा में आता है। उनकी फिल्मों में कहानी और एक्शन के साथ-साथ म्यूजिक भी हमेशा अहम हिस्सा रहा है। उनके गानों ने न सिर्फ फिल्मों के सीन्स को ज्यादा प्रभावशाली बनाया, बल्कि थिएटर में दर्शकों के बीच जश्न का माहौल भी तैयार किया। एटली के जन्मदिन के मौके पर नजर डालते हैं उनकी फिल्मों के उन गानों पर, जो आज भी फैंस के बीच खास पहचान रखते हैं।

‘जिथु जिलाड़ी’ – ‘थेरी’ (2016)
‘राजा रानी’ के बाद एटली ने थलापति विजय के साथ फिल्म ‘थेरी’ में काम किया। फिल्म का ‘जिथु जिलाड़ी’ गाना काफी पसंद किया गया। अनिरुद्ध रविचंदर के संगीत और देवा की आवाज से सजे इस ट्रैक में विजय का एनर्जी से भरपूर अंदाज देखने को मिला। रंगीन विजुअल्स और दमदार कोरियोग्राफी ने गाने को और खास बना दिया।

‘मर्सल अरासन’ और ‘आलापोरन तमिझन’- मर्सल’ (2017)
एटली और विजय की जोड़ी ‘मर्सल’ में दोबारा नजर आई। फिल्म का म्यूजिक ए.आर. रहमान ने तैयार किया था। ‘मर्सल अरासन’ एक हाई-एनर्जी डांस ट्रैक के तौर पर सामने आया, वहीं ‘आलापोरन तमिझन’ ने अपनी भावनात्मक अपील और तमिल संस्कृति से जुड़े भावों के कारण अलग पहचान बनाई।

‘वेरिथानम’ और ‘सिंगापेन्ने’- ‘बिगिल’ (2019)
‘बिगिल’ में भी गानों ने कहानी के मूड को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। ‘वेरिथानम’ में भव्य सेटअप, बड़ी संख्या में डांसर्स और विजय की एनर्जी देखने को मिली। वहीं ‘सिंगापेन्ने’ महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के संघर्ष और आत्मविश्वास को सामने लाने वाला प्रेरणादायक गीत रहा।

‘चलेया’ और ‘जिंदा बंदा’ - ‘जवान’ (2023)
शाहरुख खान स्टारर ‘जवान’ से एटली ने बॉलीवुड में कदम रखा। फिल्म के गानों ने भी दर्शकों के बीच खूब चर्चा बटोरी। ‘चलेया’ ने फिल्म के रोमांटिक और भावनात्मक पहलू को सामने रखा, जबकि ‘जिंदा बंदा’ एटली के बड़े स्केल और हाई-एनर्जी स्टाइल की झलक देता है। दोनों ही गानों ने फिल्म के म्यूजिकल एल्बम को अलग पहचान दी।

‘मेक वे फॉर द किंग’-  ‘राका’
एटली की आगामी फिल्म ‘राका’, जिसमें अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण नजर आएंगे, पहले से ही चर्चा में है। फिल्म के टाइटल अनाउंसमेंट के साथ रिलीज किया गया थीम ट्रैक ‘मेक वे फॉर द किंग’ भी लोगों का ध्यान खींच चुका है। साई अभ्यंकर द्वारा कंपोज और गाए गए इस ट्रैक में फिल्म के बड़े विजन और भव्यता की झलक देखने को मिलती है।

एटली के सिनेमा में म्यूजिक की खास जगह
‘थेरी’, ‘मर्सल’, ‘बिगिल’ और ‘जवान’ से लेकर ‘राका’ तक एटली की फिल्मों में संगीत सिर्फ बैकग्राउंड का हिस्सा नहीं रहा, बल्कि कहानी और किरदारों की भावनाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम भी बना है। उनके जन्मदिन पर इन गानों को याद करना उनकी सिनेमाई यात्रा में म्यूजिक की भूमिका को भी सामने लाता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Reetu sharma

Related News